Adityapur News : खरकाई नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से आदित्यपुर और आसपास के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है. आईजीसी आदित्यपुर के अनुसार, मंगलवार को खरकाई नदी का जलस्तर 134.37 मीटर दर्ज किया गया, जबकि खतरे का निशान 129.00 मीटर है. यानी नदी खतरे के निशान से 5.37 मीटर ऊपर बह रही है.
इसे भी पढ़ें
बढ़ते जलस्तर को देखते हुए गंजिया बैराज में पानी की निकासी बढ़ा दी गई है. बैराज का जलस्तर 140.2 मीटर दर्ज किया गया है, जबकि यहां का उच्चतम बाढ़ स्तर यानी एचएफएल 143.70 मीटर है. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए गंजिया बैराज के 15 गेट खोल दिए गए हैं. इसके अलावा साइफन भी चालू कर दिया गया है. बैराज से करीब 6482.37 क्यूमेक पानी छोड़ा जा रहा है.
ओडिशा स्थित बांकबल और खरकई बांध से भी लगातार पानी छोड़ा जा रहा है. बांकबल बांध का जलस्तर 304.10 मीटर है. इसके दो गेट खोलकर 324.78 क्यूमेक पानी छोड़ा जा रहा है. वहीं खरकई बांध का जलस्तर 311.71 मीटर दर्ज किया गया है. यहां भी दो गेटों के माध्यम से 160.66 क्यूमेक पानी की निकासी हो रही है. दोनों बांधों के जलस्तर में फिलहाल कमी दर्ज की जा रही है.
प्रशासन ने लोगों को किया अलर्ट
बाढ़ नियंत्रण कक्ष के शिफ्ट इंचार्ज ने मेमो संख्या 437 जारी कर मुख्य अभियंता और जिला प्रशासन जमशेदपुर को मौजूदा स्थिति की जानकारी दी है. नदी का जलस्तर खतरे के निशान से काफी ऊपर होने के कारण प्रशासन ने नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. लोगों को अनावश्यक रूप से नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों के पास नहीं जाने की सलाह दी गई है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

