Saraikela News : आदित्यपुर थाना क्षेत्र के आशियाना मोड़ के समीप बुधवार को जिला प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की.
दुकानें हटाने के दौरान दुकानदारों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई. दुकानदारों ने अंचल अधिकारी पर गंभीर आरोप लगाए. वहीं, विरोध के दौरान एक समाजसेवी महिला को भी हिरासत में लिया गया.
प्रशासन की ओर से बताया गया कि जिस जमीन पर दुकानें बनी थीं, वह सरकारी जमीन है. इसे खाली कराने के लिए संबंधित दुकानदारों को कई दिन पहले ही नोटिस दिया गया था. निर्धारित समय के भीतर दुकानें नहीं हटाने पर प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की.
अधिकारियों के अनुसार, खाली कराई गई जमीन पर मार्केट कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा. इसका उद्देश्य क्षेत्र में व्यवस्थित बाजार विकसित करना और इलाके के विकास को बढ़ावा देना है.
कार्रवाई के दौरान दुकानदारों के विरोध और हंगामे के बीच आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह की भूमिका भी चर्चा में रही. उन्होंने मौके पर स्थिति संभालने के साथ यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया कि विरोध-प्रदर्शन के कारण सड़क पर जाम न लगे और आम लोगों की आवाजाही बाधित नहीं हो. उन्होंने लोगों को समझाकर यातायात व्यवस्था सामान्य बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाई.
वहीं, इस कार्रवाई के बीच यह भी जरूरी है कि लोग सरकारी जमीन पर दुकान या अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान खोलने से पहले उसकी कानूनी स्थिति की जानकारी लें. केवल दुकान बना लेने या लंबे समय तक कारोबार करने से सरकारी जमीन पर मालिकाना हक नहीं मिल जाता. इसके लिए वैध अनुमति और कानूनी अधिकार होना जरूरी है.

