Saraikela News : सरायकेला-खरसावां जिला पुलिस ने कांड्रा थाना क्षेत्र के उदयपुर गांव से एक नक्सली रवि सिंह सरदार को गिरफ्तार किया है. वह नीमडीह थाना क्षेत्र के बेनाडीह टोला टेंगाडीह का रहने वाला है. उसके पास से AK-47 के 25 कारतूस बरामद किए गए हैं. वह प्रतिबंधित भाकपा माओवादी संगठन की सब-जोनल कमेटी का सदस्य बताया जा रहा है. यह वही माओवादी है जिसने सर्च अभियान के दौरान एसपी मनोज स्वर्गियारी पर AK-47 तान दी थी.
सरायकेला की खबरों के लिए यहां क्लिक करें
इसे भी पढ़ें
पुलिस के मुताबिक, 5 अगस्त को सूचना मिली थी कि उदयपुर गांव के एक घर में कुछ माओवादी जमा हैं और किसी बड़ी घटना की तैयारी कर रहे हैं. इसके बाद एसपी मनोज स्वर्गियारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गांव की घेराबंदी की. तलाशी के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति हथियार के साथ दिखाई दिया और जंगल की ओर भाग गया.
इसके बाद पुलिस टीम एक प्रधानमंत्री आवास योजना के घर तक पहुंची. घर अंदर से बंद था. पुलिस ने दरवाजा खुलवाने की कोशिश की. इसी दौरान घर के अंदर से हथियार कॉक करने की आवाज सुनाई दी. पुलिस के अनुसार, अंदर मौजूद माओवादी ने AK-47 निकालकर एसपी मनोज स्वर्गियारी की ओर तान दी थी. खतरा देखते हुए पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई की. दरवाजा तोड़कर पुलिस घर के अंदर दाखिल हुई और आरोपी को पकड़ लिया.
पुलिस के अनुसार, रवि सिंह सरदार संगठन में सरदार उर्फ सागर सिंह सरदार उर्फ बीरेन सिंह के नाम से सक्रिय था. पूछताछ के दौरान उसने अपने एक साथी मंगल उर्फ मंगल सरदार के बारे में भी जानकारी दी. उसकी निशानदेही पर अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की गई. इस दौरान पांच अन्य संदिग्ध माओवादियों को गिरफ्तार किया गया. इनमें मदन महतो उर्फ चरण, मीना पहाड़िया उर्फ नेप, मंगल सिंह सरदार, अनीता कायाम उर्फ नूनी और मालती मुर्मू शामिल हैं.
पिस्टल, AK-47 के कारतूस और बाइक बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से 9 एमएम पिस्टल, AK-47 के 25 कारतूस, बाइक, माओवादी साहित्य व अन्य सामान बरामद किए हैं. इस मामले में पुलिस पर हमला करने, सरकारी काम में बाधा डालने और धमकी देने समेत अन्य धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस अब फरार मंगल समेत अन्य संदिग्धों की तलाश में छापेमारी कर रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

