Search

 
 
 

Saraikela News : वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार घायल, हालत नाजुक

खरसावां जिले के सीनी ओपी थाना क्षेत्र में शनिवार को तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया
 

Saraikela : खरसावां जिले के सीनी ओपी थाना क्षेत्र में शनिवार को तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा सीनी रेल अंडरपास पुलिया के पास मुख्य सड़क पर हुआ, जहां सीनी निवासी 52 वर्षीय अभिलाष दास अपनी बाइक से जा रहे थे. इसी दौरान एक तेज रफ्तार भारी वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी.

 

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि अभिलाष दास का पैर वाहन के नीचे आ गया, जिससे उनका पैर बुरी तरह कुचल गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

 

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने सक्रियता दिखाते हुए वाहन को रोक लिया और इसकी सूचना सीनी ओपी थाना पुलिस तथा वाहन मालिक को दी. सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई.स्थानीय लोगों की मदद से घायल अभिलाष दास को रेलवे एंबुलेंस के माध्यम से रेल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है.

 

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. पुलिस हादसे के कारणों की पड़ताल कर रही है.घटना की जानकारी मिलने पर जिला परिषद सदस्य लक्ष्मी सरदार भी मौके पर पहुंचीं. उन्होंने प्रशासन से घायल के बेहतर इलाज, उचित मुआवजा और दोषी वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की.

 

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यह क्षेत्र निर्धारित गति सीमा वाला है, इसके बावजूद भारी वाहन तेज रफ्तार से गुजरते हैं, जिससे लगातार हादसों का खतरा बना रहता है. ग्रामीणों ने सड़क पर गति नियंत्रण के लिए प्रभावी व्यवस्था करने और भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही