Search

 
 
 

Saraikela  News : नए एसपी का सख्त संदेश, अपराधियों व नशा कारोबारियों पर होगी कड़ी कार्रवाई

खरसावां जिले के नए पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनोज स्वर्गीयारी ने गुरुवार को आदित्यपुर थाना पहुंचकर पुलिस अधिकारियों के साथ अपराध नियंत्रण को लेकर समीक्षा बैठक की.
 
सरायकेला-खरसावां जिले की खबरें

Saraikela : खरसावां जिले के नए पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनोज स्वर्गीयारी ने गुरुवार को आदित्यपुर थाना पहुंचकर पुलिस अधिकारियों के साथ अपराध नियंत्रण को लेकर समीक्षा बैठक की. पदभार संभालने के बाद आदित्यपुर के अपने पहले दौरे में उन्होंने साफ कहा कि जिले में अपराध, नशे के कारोबार और गैंगवार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी. उन्होंने कहा कि पुलिस किसी भी तरह की गंभीर आपराधिक घटना की पुनरावृत्ति नहीं होने देगी और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे. 

 

 

साथ ही, पूर्व एसपी के कार्यकाल में शुरू किए गए अच्छे कार्यों को भी आगे बढ़ाया जाएगा.बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में एसपी मनोज स्वर्गीयारी ने कहा कि आदित्यपुर क्षेत्र में ड्रग्स का कारोबार पुलिस के सामने बड़ी चुनौती है.

 

इसे खत्म करने के लिए सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाए. उन्होंने कहा कि ड्रग्स तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

 

एसपी ने बताया कि गैंगवार, संगठित अपराध, दुष्कर्म के मामलों में फरार या सक्रिय अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा. इसके अलावा जेल से बाहर आए पुराने अपराधियों का भी सत्यापन कराया जाएगा. यदि जांच के दौरान कोई अपराधी दोबारा आपराधिक गतिविधियों में शामिल पाया गया तो उसके खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

 

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बढ़ रही चापड़बाजी जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस अब नई रणनीति के तहत प्रतिदिन दो बार एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाएगी. यह सामान्य वाहन जांच नहीं होगी, बल्कि इसका उद्देश्य हथियार लेकर घूमने वाले अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करना होगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि आम लोगों को अनावश्यक परेशान नहीं किया जाएगा, लेकिन यदि कोई व्यक्ति रिवॉल्वर, चाकू, चापड़ या अन्य घातक हथियार के साथ पकड़ा गया तो उसके खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

 

एसपी मनोज स्वर्गीयारी ने भरोसा दिलाया कि सरायकेला-खरसावां जिले में कानून का राज कायम करने, अपराध पर अंकुश लगाने और आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए पुलिस पूरी सतर्कता और प्रतिबद्धता के साथ काम करेगी.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही