Saraikela News : झारखंड के सरायकेला के काला डूंगरी मोड़ पर मंगलवार अहले सुबह मुर्गा लदा एक पिकअप वाहन पलट गया. हादसे के बाद वहां ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. कुछ लोग वाहन पर लदे मुर्गे लूटने लगे. मुर्गे ले जाने को लेकर ग्रामीणों में विवाद बढ़ गया और मारपीट तक की नौबत आ गई.
इसे भी पढ़ें
https://lagatar.in/the-bjp-government-will-change-the-name-of-west-bengal-the-new-name-will-be-pashchim-banga
जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन नंगटासाई से चमारू होते हुए सरायकेला की ओर जा रहा था. सुबह करीब 5:30 बजे काला डूंगरी मोड़ के पास चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और पिकअप पलट गया. दुर्घटना के बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए.
इसी दौरान कुछ लोगों ने पलटे वाहन से मुर्गे निकालने शुरू कर दिए. आरोप है कि तीन युवक भी मौके पर पहुंचे और वहां मौजूद लोगों को डराने-धमकाने लगे. युवकों ने पिकअप की जाली तोड़कर जबरन मुर्गे निकालने का प्रयास किया. स्थानीय लोगों के अनुसार, उनमें से एक युवक के पास हथियार था, जिसे दिखाकर वह लोगों को डरा रहा था.
पिकअप के मैनेजर और अन्य लोगों ने जब युवकों को मुर्गे निकालने से रोकने की कोशिश की, तो उनके बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते उनमें हाथापाई और मारपीट होने लगी. इससे घटनास्थल पर तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. थाना प्रभारी विनय कुमार भी पुलिस बल के साथ पहुंचे और मामले की जानकारी ली. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
