Saraikela News : सरायकेला-राजनगर बाइपास रोड में पेट्रोल पंप के समीप गुरुवार को सड़क हादसे में स्कूटी सवार एक छात्र की मौत हो गई. बताया गया कि तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार छात्र को कुचल दिया. उसकी मौके पर ही मौत हो गई. खबर लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी.
इसे भी पढ़ें
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छात्र स्कूटी से स्कूल में आयोजित डांडिया कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था. क्षतिग्रस्त स्कूटी की तलाशी लेने पर उसकी डिक्की में डांडिया स्टिक मिली. इससे आशंका जताई जा रही है कि वह किसी स्थानीय स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेने जा रहा था. हालांकि, छात्र किस स्कूल में पढ़ता था, इसकी पुष्टि नहीं हुई है.
सूचना मिलते ही सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की. हादसे के बाद बाईपास रोड पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित हो गया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हुआ. पुलिस ने छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सरायकेला भेज दिया है. थाना प्रभारी ने बताया कि ट्रक और स्कूटी को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस स्कूटी के रजिस्ट्रेशन नंबर और आसपास के स्कूलों की मदद से मृतक की पहचान करने में जुटी है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

