Search

 
 
 

Saraikela  News : ट्रैक्टर की चपेट में आकर महिला मौत, चालक फरार

सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल अंतर्गत कुकड़ू प्रखंड के पलाशडीह गांव में अवैध बालू परिवहन से जुड़ा एक दर्दनाक हादसा सामने आया है
 

Saraikela : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल अंतर्गत कुकड़ू प्रखंड के पलाशडीह गांव में अवैध बालू परिवहन से जुड़ा एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. बुधवार देर रात तेज रफ्तार से बालू लेकर जा रहे एक ट्रैक्टर की चपेट में आने से 50 वर्षीय महिला आमोति महतो की मौत हो गई. मृतका पलाशडीह गांव की निवासी थीं और उनके पति स्वर्गीय निबारण महतो हैं.

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अवैध बालू लदा ट्रैक्टर तेज गति से गांव के रास्ते से गुजर रहा था. इसी दौरान उसने आमोति महतो को टक्कर मार दी. हादसा इतना गंभीर था कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. घटना के बाद चालक अंधेरे का फायदा उठाकर ट्रैक्टर समेत फरार हो गया. 

 

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी. हादसे के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है. वहीं ग्रामीणों में अवैध बालू ढुलाई को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है.

 

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध बालू का कारोबार चल रहा है और रोजाना बड़ी संख्या में ट्रैक्टरों से बालू की ढुलाई की जाती है. लोगों का आरोप है कि प्रशासन की अनदेखी के कारण ऐसे वाहन बेलगाम होकर गांव की सड़कों पर दौड़ते हैं, जिससे हादसों का खतरा लगातार बना रहता है.

 

ग्रामीणों ने यह भी बताया कि गुरुवार सुबह करीब पांच बजे तीन ट्रैक्टर मृतका के घर के सामने पहुंचे थे. इनमें से दो ट्रैक्टरों ने बालू गिराया, जबकि एक ट्रैक्टर बालू लेकर वापस लौट गया. ग्रामीणों ने इस गतिविधि को संदिग्ध बताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है.

 

घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है. ग्रामीणों ने अवैध बालू परिवहन पर तत्काल रोक लगाने, फरार चालक की जल्द गिरफ्तारी करने और हादसे की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की मांग की है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है.

 

 


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही