Saraikela News : जिले के चांडिल प्रखंड के रावतारा में मंगलवार को एक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई. सड़क पार कर रहे रावतारा निवासी अभिजीत गोराई को तेज रफ्तार ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया. हादसा इतना गंभीर था कि अभिजीत की मौके पर ही मौत हो गई.
युवक की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया. वहीं, हादसे से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा सड़क पर देखने को मिला. बड़ी संख्या में महिला और पुरुष घटनास्थल पर जुट गए और चांडिल-पुरुलिया एनएच-18 को जाम कर दिया.
ग्रामीणों के विरोध के कारण हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और 10 किलोमीटर से अधिक दूरी तक जाम की स्थिति बन गई.
हादसे के बाद पूरे रावतारा गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है. घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद हैं. सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम लोगों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास कर रही है. फिलहाल हाईवे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है.

