Dhanbad : जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय शुक्रवार को धनबाद पहुंचे. उन्होंने बाघमारा के सोनारडीह स्थित टांडाबस्ती में हुई भू-धंसान स्थल का दौरा किया और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना. जिला प्रशासन से पीड़ितों को त्वरित राहत पहुंचाने व पुनर्वास सुनिश्चित करने की मांग की.
इस दौरान सरयू राय ने राज्य की सियासत को लेकर भी बड़ा बयान दिया, जिसकी राजनीतिक हलकों में चर्चा जोरों पर है. मीडिया से बातचीत में उन्होंने हेमंत सोरेन को कांग्रेस और भाजपा से अलग नई सरकार बनाने का खुला ऑफर दिया. कहा कि वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में झारखंड में कांग्रेस और भाजपा के बिना भी सरकार बन सकती है. अगर हेमंत सोरेन हिम्मत दिखाएं तो हम जैसे कुछ विधायक उन्हें बिना शर्त समर्थन देने को तैयार हैं. राय ने दावा किया कि ऐसी सरकार के लिए जरूरी मैजिक नंबर भी संभव है. हालांकि नंबर नहीं बताए.
उन्होंने कांग्रेस व झामुमो के बीच चल रही बयानबाजी पर भी सवाल उठाए. कहा कि बिहार चुनाव में कांग्रेस ने झामुमो को उचित भागीदारी नहीं दी और अब असम चुनाव में भी दोनों दलों के बीच खींचतान देखने को मिल रही है. ऐसे में गठबंधन की विश्वसनीयता पर असर पड़ रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव के बाद यही दल फिर साथ आने की बात करते हैं लेकिन वर्तमान परिस्थितियां कुछ और ही संकेत दे रही हैं.
एक विवादित बयान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि झारखंड के अधिकारियों को माफिया कहना अप्रत्यक्ष रूप से मुख्यमंत्री पर ही सवाल उठाता है. इशारों-इशारों में कहा कि यदि हेमंत सोरेन अपने राजनीतिक कद के अनुरूप निर्णय लेते हैं, तो वे राज्य में एक नई राजनीतिक दिशा तय कर सकते हैं.
सरयू राय के इस बयान के बाद झारखंड की राजनीति में नई अटकलें तेज हो गई हैं. अब देखना होगा कि आने वाले समय में खासकर असम चुनाव के बाद राज्य की राजनीतिक तस्वीर किस दिशा में बदलती है. मुख्यमंत्री इस प्रस्ताव पर कोई कदम उठाते हैं या नहीं.
हिन्दी न्यूज, Hindi News , Latest news hindi, आज की ताजा खबर, jharkhand news, झारखंड न्यूज, Jharkhand breaking news, झारखंड ब्रेकिंग न्यूज, रांची अपडेट, Ranchi Update, रांची न्यूज टुडे, Ranchi News today, झारखंड लेटेस्ट न्यूज, Jharkhand Latest News, Lagatar News, लगातार न्यूज
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment