Dhanbad: होमगार्ड बहाली के तहत चयनित 1096 अभ्यर्थियों के मूल प्रमाण-पत्रों का सत्यापन, चिकित्सीय जांच, पुलिस चरित्र सत्यापन और बॉण्ड निष्पादन की प्रक्रिया 17 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक समाहरणालय में होगी. यह प्रक्रिया प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है. निर्धारित तिथि पर अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों को 1 सितंबर 2026 को अंतिम अवसर दिया जाएगा.
इसे भी पढ़ें:
उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि 3 जुलाई 2026 को चयनित होमगार्ड अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल के साथ मेडिकल और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई थी. उस दौरान बताया गया था कि प्रक्रिया शुरू करने के लिए राज्य सरकार को पत्र भेजा गया है. राज्य सरकार से अनुमति मिलने के बाद अब सत्यापन और मेडिकल जांच की तिथियां निर्धारित कर दी गई हैं.
प्रखंड एवं श्रेणीवार निर्धारित तिथियां इस प्रकार हैं—
17 अगस्त -पूर्वी टुंडी के 98 अभ्यर्थी.
18 अगस्त -टुंडी और बलियापुर के 98 अभ्यर्थी.
19 अगस्त- कलियासोल और बाघमारा के 110 अभ्यर्थी.
20 अगस्त- निरसा और गोविंदपुर के 112 अभ्यर्थी.
21 अगस्त -तोपचांची के 56 अभ्यर्थी.
22 अगस्त- एग्यारकुंड और धनबाद ग्रामीण के 114 अभ्यर्थी.
24- अगस्त - शहरी गैर-तकनीकी धनबाद एवं शहरी गैर-तकनीकी चिरकुंडा के 77 अभ्यर्थी.
25 - अगस्त -शहरी गैर-तकनीकी धनबाद की मेधा सूची क्रमांक 1 से 100 तक के पुरुष अभ्यर्थी.
27 अगस्त- शहरी गैर-तकनीकी धनबाद की मेधा सूची क्रमांक 101 से 200 तक के पुरुष अभ्यर्थी.
29 अगस्त- शहरी तकनीकी धनबाद की मेधा सूची क्रमांक 1 से 115 तक के पुरुष अभ्यर्थी.
31 अगस्त -शहरी तकनीकी धनबाद की मेधा सूची क्रमांक 1 से 24 तक की महिला अभ्यर्थी एवं मेधा सूची क्रमांक 116 से 201 तक के पुरुष अभ्यर्थी.
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि पर मेडिकल और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन में अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों को 1 सितंबर को अंतिम अवसर दिया जाएगा. इसके बाद उन्हें कोई अन्य अवसर नहीं दिया जाएगा.
मूल प्रमाण-पत्र और चार फोटो लाना अनिवार्य
सत्यापन के दौरान अभ्यर्थियों को आवेदन में प्रस्तुत किए गए सभी प्रमाण-पत्रों की मूल प्रतियां, स्व-अभिप्रमाणित छायाप्रतियां और चार पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो साथ लाने होंगे. फोटो के पीछे अभ्यर्थी का नाम और रोल नंबर अंकित करना होगा. जांच स्थल पर डिजिटल वेरिफिकेशन और फोटोग्राफी भी की जाएगी.
उपायुक्त ने चेतावनी दी कि फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत करने या धोखाधड़ी का प्रयास करने वालों के खिलाफ झारखंड प्रतियोगी परीक्षा अधिनियम, 2023 और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
बिचौलियों से रहें सावधान, अफवाहों पर न दें ध्यान
उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि जिला प्रशासन ने पूरी पारदर्शिता के साथ होमगार्ड बहाली की परीक्षा संपन्न कराई है और मेडिकल व डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया भी पारदर्शी तरीके से पूरी की जाएगी.उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों से किसी भी बिचौलिए के झांसे में नहीं आने की अपील की है.
उन्होंने कहा कि यदि कोई बिचौलिया पैसे लेकर काम कराने का प्रलोभन देता है तो अभ्यर्थी सीधे होमगार्ड डीएसपी के मोबाइल नंबर 6299226344 पर संपर्क कर सकते हैं.साथ ही अभ्यर्थियों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई है. सत्यापन से संबंधित विस्तृत जानकारी धनबाद जिला प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

