Dhanbad : अवैध कोयले के धंधे पर लगाम कसने वालों को ही अब निशाना बनाया जा रहा है. राजा कोलियरी में छापेमारी कर लौट रही CISF टीम पर पथराव के 24 घंटे के अंदर दूसरी बार हमला किया गया है. कोयला माफियाओं ने शुक्रवार को राजपुरा परियोजना में ईसीएल (ECL) के एक सुरक्षा कर्मी पर जानलेवा हमला किया है. इस वारदात के विरोध में खदान का उत्पादन पूरी तरह ठप कर दिया गया है.

घायल ईसीएल गार्ड को अस्पताल ले जाते हुए
बाइक से लौट रहे गार्ड को घेरकर पीटा
जानकारी के अनुसार, राजपुरा ओसीपी (OCP) से बाइक पर निकल रहे ईसीएल सुरक्षा कर्मी दिलीप सतनामी को एक महिला और एक पुरुष ने रोक लिया और उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे उन्हें शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं हैं.
सूत्रों की मानें तो यह पूरा मामला कोयला चोरी रोकने को लेकर शुरू हुए विवाद से जुड़ा है. मारपीट के दौरान सुरक्षा कर्मी पर महिला के साथ छेड़छाड़ का आरोप भी लगाया गया, जिससे मौके पर तनाव और बढ़ गया. घटना की खबर फैलते ही परियोजना के अन्य सुरक्षा कर्मियों और मजदूरों में भारी आक्रोश भड़क उठा और उन्होंने विरोध जताते हुए कामकाज बंद करा दिया, जिससे राजपुरा परियोजना में उत्पादन ठप हो गया.

राजपुरा परियोजना में उत्पादन बंद
कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज होगा : खोखन रविदास
इस संबंध में बीसीकेयू (BCKU) के कोलियरी सचिव खोखन रविदास ने कहा कि राजपुरा परियोजना में पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं. लेकिन ठोस कार्रवाई न होने से अपराधियों के हौसले बुलंद हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रबंधन और गल्फरबाड़ी ओपी पुलिस ने जल्द सख्त कदम नहीं उठाए तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.
वहीं कोलियरी प्रबंधक संजीव चंद्रा ने सुरक्षा कर्मी के साथ मारपीट की पुष्टि करते हुए कहा कि हमलावरों की पहचान की जा रही है. पहचान होते ही स्थानीय थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

गौरतलब है कि इससे पहले गुरुवार को निरसा की राजा कोलियरी में अवैध कोयला उठाव रोकने गई सीआईएसएफ टीम पर पथराव किया गया था और बाइक छीनने जैसी घटना भी सामने आई थी. लगातार दूसरे दिन सुरक्षा बलों और कर्मियों पर हुए इस हमले ने कोयलांचल में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है. फिलहाल परियोजना में उत्पादन बंद है और माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है.