Search

 
 
 

दलमा जंगल में सुरक्षाबलों का बड़ा ऑपरेशन, एक करोड़ इनामी आकाश समेत दो माओवादियों की तलाश

सारंडा के बाद अब दलमा के जंगल सुरक्षा बलों के निशाने पर हैं. पूर्वी सिंहभूम के दलमा क्षेत्र में माओवादियों के खिलाफ सुरक्षा बलों ने बड़े स्तर पर अभियान शुरू किया है. कोबरा और झारखंड जगुआर के करीब 300 से अधिक जवान दलमा के जंगलों में एक करोड़ के इनामी शीर्ष माओवादी असीम मंडल उर्फ आकाश और 15 लाख के इनामी रामप्रसाद मार्डी उर्फ सचिन की तलाश कर रहे हैं.
 
झारखंड की खबरें

Jamshedpur:  सारंडा के बाद पूर्वी सिंहभूम का दलमा जंगल अब सुरक्षाबलों के निशाने पर हैं. सुरक्षाबलों ने माओवादियों के खिलाफ बड़े स्तर पर अभियान शुरू किया है. कोबरा और झारखंड जगुआर के करीब 300 से अधिक जवान दलमा के जंगलों में एक करोड़ के इनामी शीर्ष माओवादी असीम मंडल उर्फ आकाश और 15 लाख के इनामी रामप्रसाद मार्डी उर्फ सचिन की तलाश कर रहे हैं.

 

शुक्रवार तड़के शुरू हुए इस अभियान के तहत दलमा के घने जंगलों की घेराबंदी कर सघन तलाशी ली जा रही है. सुरक्षा बलों ने जंगल से जुड़े संभावित रास्तों पर निगरानी बढ़ा दी है. झारखंड-बंगाल सीमा से सटे इलाकों में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.

 

सारंडा में बढ़ते दबाव के बाद दलमा में ठिकाने की सूचना

पिछले कुछ समय से सारंडा और कोल्हान क्षेत्र में सुरक्षाबलों की लगातार कार्रवाई से माओवादी संगठन पर दबाव बढ़ा है. ऑपरेशन मेधाबुरु समेत कई अभियानों में माओवादी संगठन को बड़ा नुकसान हुआ है. हालिया मुठभेड़ों में एक करोड़ रुपये के इनामी अनल दा समेत कई बड़े माओवादी मारे जा चुके हैं.


इसी के बाद खुफिया सूचनाओं के आधार पर सुरक्षा एजेंसियों को जानकारी मिली कि असीम मंडल उर्फ आकाश और रामप्रसाद मार्डी उर्फ सचिन ने दलमा के जंगलों में शरण ली है. बताया जा रहा है कि दोनों माओवादी बोड़ाम, पटमदा और सरायकेला-खरसावां से जुड़े सीमावर्ती जंगलों में अपना ठिकाना बना सकते हैं.

 

दलमा में पहली बार इतने बड़े स्तर पर अभियान

सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार दलमा क्षेत्र में इस स्तर पर पहली बार इतना बड़ा संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है. पहाड़ी और घने जंगलों वाले इस इलाके को माओवादियों के लिए सुरक्षित क्षेत्र माना जाता रहा है. अभियान में शामिल जवान जंगलों में संभावित ठिकानों और आवाजाही के रास्तों की बारीकी से जांच कर रहे हैं.


सुरक्षाबलों का मानना है कि यदि अभियान के दौरान आकाश और सचिन को गिरफ्तार करने या मुठभेड़ में मार गिराने में सफलता मिलती है, तो पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां क्षेत्र में सक्रिय माओवादी नेटवर्क को बड़ा झटका लग सकता है.

 

हथियार छोड़कर आत्मसमर्पण करने की अपील

पुलिस ने माओवादियों से हथियार छोड़कर आत्मसमर्पण करने और सरकार की पुनर्वास नीति का लाभ उठाने की अपील की है. वहीं, अभियान के दौरान सशस्त्र विरोध करने वालों के खिलाफ सुरक्षा बलों ने सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही