Seraikela Kharsawa News : जिले में अवैध बालू खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है. उपायुक्त के निर्देश पर आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सालडीह स्थित बालू घाट तक जाने वाले रास्ते को बंद करा दिया गया है.
अवैध बालू उठाव की मिल रही थी सूचना
प्रशासन को लगातार शिकायत मिल रही थी कि सालडीह बालू घाट से बिना अनुमति बालू का उठाव किया जा रहा है. मामले की जानकारी मिलने के बाद खान निरीक्षक ने स्थल का निरीक्षण किया. जांच के बाद बालू उठाव वाले स्थान तक पहुंचने वाले रास्ते को बंद कर दी गई.
एनजीटी की अवधि में बालू उठाने पर रोक
जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपति ने बताया कि एनजीटी की ओर से निर्धारित अवधि में बालू का खनन, उठाव, भंडारण और परिवहन प्रतिबंधित है. उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना वैध अनुमति और परिवहन चालान के बालू ले जाते पकड़े जाने पर संबंधित व्यक्ति और वाहन मालिक के खिलाफ खनिज नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी.
अवैध खनन पर प्रशासन की नजर
जिला खनन पदाधिकारी ने कहा कि जिले में किसी भी जगह अवैध बालू खनन की अनुमति नहीं दी जाएगी. प्रशासन ऐसे मामलों पर लगातार नजर रख रहा है. उन्होंने लोगों से भी अवैध बालू उठाव या परिवहन में शामिल नहीं होने की अपील की. साथ ही ऐसी गतिविधि की जानकारी मिलने पर जिला प्रशासन को सूचना देने को कहा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

