Saraikela: सरायकेला-खरसावां पुलिस ने गुम हुए मोबाइल फोन और लापता लोगों की तलाश के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियानों में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है. पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के नेतृत्व में संचालित प्रोजेक्ट डिवाइस और प्रोजेक्ट मिलाप के तहत मई माह के दौरान 133 गुम मोबाइल फोन बरामद किए गए, जबकि 55 लापता लोगों को खोजकर सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया.
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, गुम मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए CEIR (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल का उपयोग किया जा रहा है. मोबाइल खोने की सूचना मिलने पर उसे पोर्टल पर ब्लॉक कर दिया जाता है. इसके बाद जैसे ही वह मोबाइल दोबारा सक्रिय होता है, पुलिस उसकी लोकेशन ट्रैक कर बरामदगी की कार्रवाई करती है. मई 2026 के दौरान इसी प्रक्रिया के जरिए 133 मोबाइल फोन बरामद कर सत्यापन के बाद उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए गए.
अपने खोए हुए मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए पुलिस के प्रयासों की प्रशंसा की. कई लोगों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका मोबाइल दोबारा मिल पाएगा, लेकिन पुलिस की सक्रियता और तकनीकी निगरानी के कारण यह संभव हो सका.
वहीं, जिले में लापता लोगों की तलाश के लिए प्रोजेक्ट मिलाप के तहत "सेवा ही लक्ष्य" अभियान चलाया गया. 18 अप्रैल से 31 मई 2026 तक चले इस अभियान में जिले के सभी थाना प्रभारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई. अभियान के दौरान 55 गुमशुदा पुरुषों, महिलाओं और बच्चों का पता लगाकर उन्हें सुरक्षित बरामद किया गया. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी को उनके परिजनों के हवाले कर दिया गया.
पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम होने पर तुरंत नजदीकी थाना में सूचना दें और CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं. इसी तरह किसी व्यक्ति के लापता होने की स्थिति में बिना देर किए पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते खोजबीन शुरू की जा सके.
जिला पुलिस ने कहा है कि प्रोजेक्ट डिवाइस और प्रोजेक्ट मिलाप के तहत चलाए जा रहे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे. इन अभियानों का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और उन्हें राहत पहुंचाना है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment