Ranchi News : झारखंड के रजिस्ट्री कार्यालयों में पिछले कई दिनों से सर्वर में तकनीकी खराबी के कारण निबंधन (रजिस्ट्री) का काम पूरी तरह ठप हो गया है. सर्वर ठप होने से राज्य के सभी 42 रजिस्ट्री कार्यालयों में जमीन और संपत्ति की रजिस्ट्री से जुड़े काम प्रभावित हैं.
सर्वर की खराबी के कारण जहां आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं सरकारी राजस्व पर भी इसका सीधा असर पड़ रहा है. सबसे बड़ी समस्या यह है कि सर्वर कब तक दुरुस्त होगा, इसे लेकर आवेदकों को स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पा रही है.
रजिस्ट्री कराने पहुंचे लोग लौटना रहे खाली हाथ
जमीन की खरीद-बिक्री और अन्य संपत्ति संबंधी दस्तावेजों के निबंधन के लिए लोग रजिस्ट्री कार्यालय पहुंच रहे हैं, लेकिन तकनीकी समस्या के कारण उनका काम नहीं हो पा रहा है. बड़ी संख्या में रजिस्ट्री आवेदन लंबित हो गए हैं. आवेदकों को कई बार कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं.
ऑनलाइन सेवाएं भी प्रभावित
सर्वर की समस्या का असर केवल जमीन की रजिस्ट्री तक सीमित नहीं है. जमीन से जुड़े अन्य ऑनलाइन कार्यों पर भी इसका प्रभाव पड़ा है. आवेदन जमा करने से लेकर उनके निष्पादन तक की प्रक्रिया बाधित है. इससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है.
रोजाना करोड़ों के राजस्व का नुकसान
बता दें कि सामान्य दिनों में रजिस्ट्री कार्यालयों में प्रतिदिन करीब 700 से 900 रजिस्ट्री होती है. इससे सरकार को रोजाना करीब 3 करोड़ से 5 करोड़ रुपये तक स्टांप शुल्क और अन्य राजस्व प्राप्त होता है. कई दिनों से व्यवस्था बाधित रहने के कारण राजस्व संग्रह पर भी इसका असर पड़ रहा है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

