Search

गाजियाबाद के हिंडन एयरबेस पर उतरा शेख हसीना का एयरक्राफ्ट

New Delhi: बांग्लादेश में अराजकता की स्थिति के बीच प्रधानमंत्री शेख हसीना सोमवार को एक सैन्य विमान से गाजियाबाद के हिंडन एयरबेस पर पहुंचीं. उनका ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट बांग्लादेश से यहां शाम करीब 5:30 बजे उतरा. इस दौरान हिंडन एयरबेस में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल भी पहुंचे. वह डेढ़ घंटे से अधिक समय तक यहां रुके. शाम करीब 7 बजे उनका काफिला हिंडन एयरबेस से बाहर निकला. अजीत डोभाल यहां से एलिवेटेड रोड होते हुए नई दिल्ली रवाना हो गए. सूत्रों की मानें तो शेख हसीना यहां एयरक्राफ्ट में रिफ्यूलिंग के बाद किसी अन्य देश को रवाना हो सकती हैं. फिलहाल, भारतीय वायु सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियां ​​उन्हें सुरक्षा प्रदान कर रही हैं. यह भी बताया जा रहा है कि उन्हें किसी सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया है.

प्रदर्शनकारियों ने मुजीबुर रहमान की प्रतिमा को हथौड़ों से तोड़ दिया

इससे पहले हसीना के देश छोड़ने की खबर फैलने के बाद हजारों प्रदर्शनकारियों ने ढाका में उनके सरकारी आवास में लूटपाट और तोड़फोड़ की. सरकार विरोधी प्रदर्शनों में पिछले दो दिनों में 100 से ज्यादा लोगों की मौत हो गयी. पिछले महीने शुरू हुए ये विरोध प्रदर्शन विवादास्पद कोटा व्यवस्था के खिलाफ थे. 1971 में पाकिस्तान के खिलाफ बांग्लादेश के मुक्ति संग्राम में लड़ने वालों के परिवारों के लिए सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत आरक्षण देने वाली कोटा प्रणाली को समाप्त करने की मांग के साथ शुरू हुआ यह प्रदर्शन बाद में सरकार विरोधी प्रदर्शनों में बदल गए. सड़कों पर उतरे उग्र प्रदर्शनकारियों ने हसीना के पिता और बांग्लादेश के संस्थापक शेख मुजीबुर रहमान की प्रतिमा को हथौड़ों से तोड़ दिया और उनकी पार्टी के कार्यालयों में आग लगा दी.

अंतरिम सरकार सत्ता संभालेगीः जनरल वकार उज जमां

सेना प्रमुख जनरल वकार उज जमां ने हसीना के इस्तीफे की घोषणा की. उन्होंने टेलीविजन पर एक संबोधन में कहा कि अंतरिम सरकार सत्ता संभालेगी. जमां ने हसीना के 15 वर्ष के सत्ता के अंत का संकेत देते हुए कहा कि मैं सारी जिम्मेदारी ले रहा हूं. कृपया सहयोग करें. सेना प्रमुख ने कहा कि उन्होंने राजनेताओं से मुलाकात कर उन्हें बताया कि सेना कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेगी. बैठक में हालांकि हसीना की अवामी लीग पार्टी का कोई नेता मौजूद नहीं था. देश भर में विरोध-प्रदर्शनों के बढ़ने के बीच सेना प्रमुख ने कहा कि उन्होंने सेना और पुलिस दोनों से ही गोली नहीं चलाने को कहा है. जमां ने संयम बरतने और प्रदर्शनकारियों से हिंसा बंद करने का आग्रह किया. जमां ने सभी को ‘न्याय’ दिलाने का संकल्प व्यक्त किया.

शेख मुजीबुर रहमान की 1975 में राष्ट्रपति रहने हुए हत्या कर दी गई थी

दूसरी ओर सूत्रों ने बताया कि हसीना की योजना लंदन जाने की थी. हालांकि, कुछ समस्याएं सामने आईं हैं, जिसकी वजह से उनकी योजना में कुछ बदलाव हुआ. हसीना के अपनी बेटी साइमा वाजिद से मिलने की संभावना है, जो दिल्ली में रहती हैं. साइमा वाजिद विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की दक्षिण-पूर्व एशिया के लिए क्षेत्रीय निदेशक हैं. बांग्लादेश की राजधानी ढाका में उपद्रवी भीड़ ने शहर के धानमंडी इलाके में स्थित इंदिरा गांधी सांस्कृतिक केंद्र में तोड़फोड़ की और देशभर में चार हिंदू मंदिरों को “मामूली” क्षति पहुंचाई. प्रत्यक्षदर्शियों और समुदाय के नेताओं ने यह जानकारी दी. प्रदर्शनकारियों ने ढाका में कई प्रमुख स्थानों पर आगजनी की, जिसमें धानमंडी 32 स्थित बंगबंधु भवन भी शामिल है, जिसे बंगबंधु स्मारक संग्रहालय के रूप में भी जाना जाता है. यह संग्रहालय शेख मुजीबुर रहमान को समर्पित है, जिनकी 1975 में राष्ट्रपति रहने के दौरान हत्या कर दी गई थी. वहीं इस दौरान प्रदर्शनकारी प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास गणभवन में घुस गए और तोड़फोड़ और लूटपाट किये. वहीं गृह मंत्री असदुज्जमां खान के घर में तोड़फोड़ की गई. सिलहट में उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक के दफ्तरों में आग लगा दी गई जबकि कई पार्षदों के घरों पर हमला किया गया.

बीएनपी और उसके सहयोगियों ने चुनाव का बहिष्कार किया था

बता दें कि जनवरी में हुए 12वें आम चुनाव में शेख हसीना लगातार चौथी बार और कुल पांचवीं बार प्रधानमंत्री चुना गया. पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया की मुख्य विपक्षी पार्टी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) और उसके सहयोगियों ने चुनाव का बहिष्कार किया था. वहीं इस पूरी घटनाक्रम पर भारत की नजर है. अधिकारियों ने बताया कि भारत के सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने बांग्लादेश में हुए घटनाक्रम के मद्देनजर 4,096 किलोमीटर लंबी भारत-बांग्लादेश सीमा पर अपनी सभी यूनिट के लिए सोमवार को ‘हाई अलर्ट’ जारी किया है. अधिकारियों ने बताया कि बीएसएफ के कार्यवाहक महानिदेशक (डीजी) दलजीत सिंह चौधरी और अन्य वरिष्ठ कमांडर ने सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के लिए पश्चिम बंगाल के अग्रिम मोर्चे का दौरा किया. पूर्वी कमान के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि बल उभरती स्थिति के मद्देनजर अवैध रूप से सीमा पार करने और सीमा पारीय अपराधों में वृद्धि को लेकर चिंतित है. उन्होंने कहा कि बीएसएफ बांग्लादेश बॉर्डर गार्ड्स (बीजीबी) के अपने समकक्षों के संपर्क में हैं. इसे भी पढ़ें - JSSC">https://lagatar.in/jssc-told-the-high-court-merit-list-and-cut-off-marks-of-teacher-appointment-examination-will-be-released-on-the-website/">JSSC

ने हाईकोर्ट को बताया- वेबसाइट पर जारी किया जाएगा शिक्षक नियुक्ति परीक्षा का मेरिट लिस्ट व कट ऑफ मार्क्स
[wpse_comments_template]

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp