Dumka: झारखंड की राजकीय श्रावणी मेला बासुकीनाथ 2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है. मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की मदद के लिए 100 सूचना सहायता कर्मियों की तैनाती की जाएगी. ये कर्मी सूचना केंद्र और खोया-पाया केंद्र में काम करेंगे. इन कर्मियों की बहाली आउटसोर्सिंग के जरिए एक महीने के लिए की जाएगी. उनका काम श्रद्धालुओं को जानकारी देना, खोए लोगों की मदद करना और मेले में व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करना होगा.
जिला प्रशासन ने इसके लिए टेंडर जारी किया है. इच्छुक एजेंसियां और संस्थाएं 9 जून दोपहर 1 बजे तक जिला जनसम्पर्क कार्यालय, दुमका में आवेदन जमा कर सकती हैं. उसी दिन शाम 4 बजे टेंडर खोली जाएगी. निविदा में शामिल होने वाली संस्था के पास पिछले तीन साल का आयकर रिटर्न, जीएसटी, पैन कार्ड और सरकारी काम का अनुभव होना जरूरी है. साथ ही 20 हजार रुपये की अग्रधन राशि जमा करनी होगी.
चयनित एजेंसी को 50 हजार रुपये की बैंक गारंटी भी देनी होगी. जिला प्रशासन ने कहा है कि कर्मियों को तय न्यूनतम मजदूरी से कम भुगतान नहीं किया जाएगा. अधिक जानकारी के लिए दुमका जिला प्रशासन की वेबसाइट (https://dumka.nic.in) पर जानकारी ली जा सकती है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment