Simdega: मानवीय संवेदना और त्वरित प्रशासनिक कार्रवाई का एक प्रेरक उदाहरण सिमडेगा में देखने को मिला. कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे बहरीनबासा अम्बाटोली निवासी अनिश मिंज के इलाज के लिए जिला प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए महज दो घंटे के भीतर 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई.
इसे भी पढ़ें:
सिमडेगा के उपायुक्त कंचन सिंह से अनिश मिंज की मां मुक्ति मिंज ने अपने पुत्र के कैंसर उपचार के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लगाई. इस पर उपायुक्त ने तत्काल संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करते हुए मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत सहायता राशि उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
उपायुक्त ने जिला कल्याण पदाधिकारी को अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत अनिश मिंज के इलाज के लिए 25,000 रुपये की राशि का भुगतान अविलंब सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
निर्देश मिलते ही जिला कल्याण विभाग ने तेजी से कार्रवाई की. आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए मात्र दो घंटे के भीतर विपत्र तैयार कर सिमडेगा कोषागार में प्रस्तुत किया गया और 25,000 रुपये की सहायता राशि सीधे लाभुक के बैंक खाते में हस्तांतरित कर दी गई.
जिला प्रशासन की इस त्वरित और संवेदनशील पहल से पीड़ित परिवार को इलाज के लिए तत्काल आर्थिक संबल मिला. उपायुक्त की पहल ने एक बार फिर साबित किया कि संवेदनशील प्रशासन जरूरत की घड़ी में आमजन के लिए केवल व्यवस्था नहीं, बल्कि उम्मीद का सहारा भी बन सकता है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

