Simdega News: सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर नाबालिग युवती के साथ दुष्कर्म के आरोप और इस मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद जिले की राजनीति गरमा गई है. मामले में आरोपी विधायक की तत्काल गिरफ्तारी एवं पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को आक्रोश मार्च निकाला और झूलन सिंह चौक पर विधायक भूषण बाड़ा का पुतला दहन कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया.
इसे भी पढ़ें:
इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस और विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. भाजपा नेताओं ने कहा कि नाबालिग के साथ यौन अपराध का आरोप अत्यंत गंभीर मामला है. साथ ही कहा कि, जब मामले में प्राथमिकी दर्ज हो चुकी है तो पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करे.
एसटी मोर्चा जिलाध्यक्ष राकेश रविकांत ने कहा कि आदिवासी समाज की बेटी के साथ इस प्रकार के गंभीर अपराध का आरोप बेहद चिंताजनक है. आदिवासी समाज अपनी बेटियों के सम्मान और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं करेगा. उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषी पाए जाने वालों पर कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाए.
प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्रद्धानंद बेसरा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी एक ओर महिला सम्मान और आदिवासी अधिकारों की बात करती है, वहीं उसके विधायक पर नाबालिग से दुष्कर्म जैसा गंभीर आरोप लगना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है.
जिला परिषद उपाध्यक्ष सोनी पैंकरा ने कहा कि एक नाबालिग बेटी के साथ हुए कथित यौन अपराध का मामला पूरे समाज को झकझोरने वाला है. उन्होंने आरोपी विधायक की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की.
भाजपा नेताओं ने एक स्वर में कहा कि इस मामले में किसी भी प्रकार का राजनीतिक दबाव या प्रभाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. पुलिस प्रशासन अविलंब कार्रवाई करे, ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके और समाज में कानून के प्रति विश्वास कायम रहे.
भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक पुरी ने कहा कि जल्द प्रशासन कार्रवाई नहीं करती है तो इससे भी बड़ा आंदोलन भारतीय जनता पार्टी करेगी. आक्रोश मार्च एवं पुतला दहन कार्यक्रम में भाजपा के जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी, एसटी मोर्चा के कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

