Simdega: सिमडेगा के उपायुक्त कंचन सिंह ने समाहरणालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिले की नवचयनित आंगनबाड़ी सेविकाओं एवं सहायिकाओं के बीच नियुक्ति पत्र वितरित किया. कार्यक्रम में कुल 12 आंगनबाड़ी सेविकाओं तथा 6 सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया.
इस अवसर पर उपायुक्त ने सभी नवचयनित कर्मियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र, बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं के सर्वांगीण विकास की महत्वपूर्ण कड़ी हैं. उन्होंने सेविकाओं एवं सहायिकाओं से पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया, ताकि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके.
साथ ही उपायुक्त ने कहा कि बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक शिक्षा के क्षेत्र में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है. इसके साथ ही निर्वाचन प्रक्रिया में भी आंगनबाड़ी सेविकाओं की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होती है. उन्होंने कहा कि मतदाता जागरूकता अभियान, मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण, पात्र मतदाताओं की पहचान, निर्वाचन संबंधी सर्वेक्षण एवं जनसंपर्क गतिविधियों में आंगनबाड़ी सेविकाएं प्रशासन की सहयोगी के रूप में कार्य करती हैं.
चुनाव के दौरान प्राप्त दायित्वों का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं जिम्मेदारीपूर्ण तरीके से निर्वहन करना आवश्यक है. उन्होंने सभी नवचयनित सेविकाओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सुदृढ़ बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन करने की अपील की. कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती सुरज मुन्नी कुमारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment