Search

 
 
 

सिमडेगा SP की पहल रंग लाई, ‘अभियान सेतु’ के तहत 6 माह में 63 लापता लोगों को सकुशल घर पहुंचाया

मानव तस्करी और लापता व्यक्तियों की बढ़ती घटनाओं के बीच सिमडेगा पुलिस का विशेष अभियान "सेतु" लोगों के लिए उम्मीद की किरण बनकर सामने आया है. एसपी श्रीकांत एस. खोतरे के निर्देश में चलाए गए इस अभियान के तहत पिछले छह महीनों में 63 लापता लोगों को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों से मिलाया गया है.
 

Simdega  : मानव तस्करी और लापता व्यक्तियों की बढ़ती घटनाओं के बीच सिमडेगा पुलिस का विशेष अभियान "सेतु" लोगों के लिए उम्मीद की किरण बनकर सामने आया है. एसपी श्रीकांत एस. खोतरे के निर्देश में चलाए गए इस अभियान के तहत पिछले छह महीनों में 63 लापता लोगों को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों से मिलाया गया है.

 

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, लापता व्यक्तियों की तलाश के लिए पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी, मुख्यालय) के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया था. इन टीमों ने तकनीकी संसाधनों और मानवीय सूचना तंत्र का उपयोग करते हुए झारखंड समेत देश के विभिन्न राज्यों में व्यापक अभियान चलाया.

 

जांच और खोजबीन के दौरान बरामद किए गए लोगों को दिल्ली, विशाखापत्तनम, बाड़मेर (राजस्थान), गोवा, छत्तीसगढ़ और ओडिशा जैसे राज्यों एवं शहरों से सुरक्षित रेस्क्यू किया गया. इसके बाद सभी को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया.

 

पुलिस ने बताया कि रेस्क्यू किए गए लोगों के पुनर्वास के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) और जिला प्रशासन के सहयोग से आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है. साथ ही उन्हें सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी दिलाया जा रहा है, ताकि वे सामान्य जीवन में वापस लौट सकें.

 

सिमडेगा पुलिस की इस सफलता में अन्य राज्यों और जिलों की पुलिस के साथ बेहतर समन्वय की भी अहम भूमिका रही. त्वरित कार्रवाई और लगातार निगरानी के कारण लापता व्यक्तियों का पता लगाकर उन्हें सुरक्षित वापस लाना संभव हो सका.

 

एसपी ने अभियान में शामिल सभी पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की सराहना करते हुए कहा कि जिला पुलिस आमजन की सुरक्षा और सहायता के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि भविष्य में भी लापता व्यक्तियों की खोज, मानव तस्करी की रोकथाम और पीड़ितों के पुनर्वास के लिए ऐसे विशेष अभियान जारी रहेंगे.

 

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी व्यक्ति के लापता होने पर बिना देरी किए निकटतम थाना या पुलिस नियंत्रण कक्ष को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर व्यक्ति को सुरक्षित बरामद किया जा सके. 

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही