Ranchi News : झारखंड के कौशल प्रशिक्षण केंद्रों में अब छात्रों के लिए स्मार्ट बंक बेड और नई तरह की कुर्सियां उपलब्ध कराई जाएंगी. प्रेझा फाउंडेशन ने इसको लेकर टेंडर जारी किया है. टेंडर में शामिल होने वाली कंपनियों को अपनी बोली ऑनलाइन जमा करनी होगी.
बोली जमा करने के लिए mjunction Services Limited के ई-प्रोक्योरमेंट पोर्टल का इस्तेमाल किया जाएगा. किसी भी तरह की हार्ड कॉपी स्वीकार नहीं की जाएगी. टेंडर से जुड़े सवाल 25 अगस्त तक पूछे जा सकते हैं. ऑनलाइन बोली जमा करने की अंतिम तारीख 3 सितंबर 2026 रात 8 बजे तक है.
स्मार्ट बंक बेड में होगी ये सुविधाएं
टेंडर के अनुसार, स्मार्ट बंक बेड में पढ़ाई के लिए अलग टेबल, व्यक्तिगत लाइट, मोबाइल चार्ज करने के लिए पोर्ट, ट्यूबलर पंखा और सामान रखने की सुविधा होगी. बेड के ऊपर और नीचे दोनों हिस्सों में मच्छरदानी लगाने की सुविधा भी जरूरी होगी. इसके अलावा हाई-बैक एग्जीक्यूटिव चेयर की भी खरीद की जाएगी. इन कुर्सियों में आर्म रेस्ट, 360 डिग्री घूमने की सुविधा और पीछे झुकने के लिए टिल्ट एडजस्टमेंट दिया जाएगा.
कम कीमत वाली बोली को मिलेी प्राथमिकता
टेंडर में तय तकनीकी और योग्यता की शर्तें पूरी करने वाले आपूर्तिकर्ताओं में सबसे कम कीमत वाली बोली को प्राथमिकता दी जाएगी. चयनित कंपनी को खरीद आदेश मिलने के 30 दिनों के अंदर सामान की आपूर्ति करनी होगी. सामान झारखंड के 38 अलग-अलग संस्थानों में पहुंचाया जाएगा. इनमें कई जिलों के कल्याण गुरुकुल के अलावा रांची, चान्हो और इटकी के नर्सिंग और आईटीआई कौशल कॉलेज भी शामिल हैं.
समय पर सामान नहीं पहुंचा तो होगी कार्रवाई
समय पर सामान पहुंचाने वाले वेंडर को चालान जमा करने के 45 दिनों के अंदर पूरा भुगतान किया जाएगा. वहीं, सामान पहुंचाने में देरी होने पर भुगतान में कटौती या सिक्योरिटी डिपॉजिट जब्त करने जैसी कार्रवाई हो सकती है. टेंडर प्रक्रिया में धोखाधड़ी या भ्रष्टाचार पाए जाने पर ठेका रद्द किया जा सकता है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

