Ranchi News : चार दिवसीय लोक आस्था का महापर्व छठ नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया. झारखंड में भी छठ महापर्व पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है. शहर से लेकर गांव तक छठ घाटों की साफ-सफाई और सजावट की जा रही है. घरों में छठ के गीत गूंज रहे हैं. 'पहिले पहिल हम कइनी', 'कांच ही बांस के बहंगिया' और 'हो दीनानाथ' सहित अन्य छठी मईयां के गानों की गूंज अब जेलों के भीतर भी सुनाई दे रही है.
इसे भी पढ़ें
बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में सबसे अधिक व्रती
झारखंड की विभिन्न जेलों में बंद 85 कैदी री श्रद्धा के साथ छठ महापर्व कर रहे हैं. इनमें 36 महिला और 49 पुरुष बंदी शामिल हैं. जानकारी के मुताबिक, रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा होटवार में सबसे अधिक 18 बंदी व्रत कर रहे हैं. इनमें 9 महिला और 9 पुरुष बंदी शामिल हैं. वहीं, गढ़वा मंडल कारा में 9 महिला बंदी और 6 पुरुष बंदी छठ व्रत कर रहे हैं.
जबकि हजारीबाग केंद्रीय कारा में 11, धनबाद मंडल कारा में 9 और पलामू केंद्रीय कारा में 8 बंदी पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ छठ महापर्व कर रहे हैं. इसके अलावा दुमका केंद्रीय कारा में 5, राजमहल उपकारा में 3, चतरा मंडल कारा में 2 और घाघीडीह केंद्रीय कारा जमशेदपुर में एक महिला बंदी छठ कर रहे हैं. श्री बंशीधर नगर उपकारा में भी एक महिला बंदी छठ महापर्व कर रही है.
जेल प्रशासन ने की विशेष व्यवस्था
जेल की चारदीवारी के भीतर छठ कर रहे बंदियों की धार्मिक आस्था और भावनाओं का ख्याल रखते हुए जेल प्रशासन की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं. कारा अधीक्षकों के निर्देश पर व्रतियों के लिए साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और पूजा स्थल की व्यवस्था की गई है.
इसके साथ ही पूजन सामग्री, नेवैद्य (प्रसाद) और नए वस्त्र भी उपलब्ध कराए गए हैं. कुछ जेलों में छठ को लेकर विशेष सजावट और लाइटिंग की व्यवस्था की गई है, वहीं, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जेल प्रशासन की ओर से विशेष सतर्कता बरती जा रही है.
इन जेलों में इस बार कोई बंदी नहीं कर रहा छठ
राज्य की कई जेलों में इस वर्ष किसी भी बंदी ने छठ व्रत नहीं किया है. इनमें चाईबासा, चास, देवघर, गोड्डा, गुमला, जामताड़ा, कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा, पाकुड़, साहेबगंज, साकची, सरायकेला और सिमडेगा की जेलें शामिल हैं. इसके अलावा बरही, घाटशिला, खूंटी, मधुपुर, रामगढ़ और तेनुघाट उपकारा में भी कोई बंदी छठ महापर्व नहीं कर रहा है.

