Ranchi News : दक्षिण पूर्व रेलवे ने चालू वित्त वर्ष में अक्टूबर तक कबाड़ की बिक्री से 403.86 करोड़ रुपये की कमाई की है. इस उपलब्धि के साथ यह 400 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने वाला देश का पहला जोनल रेलवे बन गया है.
इसे भी पढ़ें...
रेलवे के अनुसार, पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि की तुलना में कबाड़ बिक्री से हुई कमाई में 55.37 प्रतिशत की वृद्धि हुई है. वहीं, चालू वित्त वर्ष के अक्टूबर तक के 240 करोड़ रुपये के निर्धारित लक्ष्य से यह 68.28 प्रतिशत अधिक है.
अक्टूबर में 90.43 करोड़ रुपये की बिक्री
स्वच्छता विशेष अभियान 6.0 के तहत अक्टूबर में दक्षिण पूर्व रेलवे ने 90.43 करोड़ रुपये का कबाड़ बेचा. इसके लिए 49 करोड़ रुपये का लक्ष्य निर्धारित किया गया था. अभियान के दौरान किसी भी जोनल रेलवे की यह सबसे अधिक बिक्री है.
रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन के मुताबिक इस अभियान के तहत 'जीरो स्क्रैप' का लक्ष्य हासिल करने पर कार्य किया जा रहा है. इसके तहत डिपो, वर्कशॉप, शेड और अन्य रेलवे परिसरों में जमा अनुपयोगी सामग्री की पहचान कर उसे बेचा जा रहा है.
रेलवे के अनुसार, जोन की अधिकांश कार्य इकाइयों ने जीरो स्क्रैप का लक्ष्य हासिल कर लिया है. इन इकाइयों में नया निकलने वाला कबाड़ भी बेचा जा रहा है. अधिकांश स्थानों पर बेचे गए कबाड़ को हटाने का काम भी पूरा कर लिया गया है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

