Search

 
 
 

राजस्थान में बोले पीएम मोदी, दुनिया ऊर्जा संकट से जूझी, पर भारत ने सही रणनीति से हालात संभाले

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को राजस्थान के बलोतरा में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण किया. इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को कई नई योजनाओं की सौगात दी और जनसभा को संबोधित किया. पीएम ने कहा कि बीजेपी सरकार केवल परियोजनाओं का शिलान्यास नहीं करती, बल्कि उन्हें समय पर पूरा भी कराती है.
 
  • राजस्थान दौरे पर पीएम मोदी
  • करोड़ों की विकास परियोजनाओं की दी सौगात
  • बीजेपी सिर्फ शिलान्यास नहीं, परियोजनाओं को पूरा भी करती है
  • रिफाइनरी से रोजगार और हवाई कनेक्टिविटी को मिलेगी रफ्तार

Lagatar Desk :   प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को राजस्थान के बलोतरा में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण किया. इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को कई नई योजनाओं की सौगात दी और जनसभा को संबोधित किया. पीएम ने कहा कि बीजेपी सरकार केवल परियोजनाओं का शिलान्यास नहीं करती, बल्कि उन्हें समय पर पूरा भी कराती है. 

 

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में पश्चिम एशिया में जारी युद्ध और वैश्विक ऊर्जा संकट का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि इस युद्ध के कारण दुनिया के कई देश ईंधन संकट का सामना कर रहे हैं, लेकिन भारत ने समय पर सही फैसले लेकर इस चुनौती का सफलतापूर्वक सामना किया. उन्होंने कहा कि देश ने मजबूत रणनीति, संसाधनों के संतुलित उपयोग और प्रभावी कूटनीति के दम पर इस संकट से खुद को सुरक्षित रखा.

 

 

मोदी ने कहा कि भारत की करीब 60 प्रतिशत एलपीजी जरूरतें आयात से पूरी होती थीं, जिनमें अधिकांश आपूर्ति खाड़ी देशों से होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते आती थी. युद्ध जैसी स्थिति बनने पर सरकार ने तत्काल रिफाइनरियों को औद्योगिक गैस की जगह एलपीजी उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए.

 

उन्होंने बताया कि केवल सात दिनों में एलपीजी उत्पादन 35 हजार मीट्रिक टन प्रतिदिन से बढ़ाकर 54 हजार मीट्रिक टन प्रतिदिन कर दिया गया, जिससे देश में किसी तरह का बड़ा संकट नहीं आने दिया गया. कहा कि पिछले 50 वर्षों में अमेरिका में कोई नई रिफाइनरी नहीं बनी, जबकि यूरोप की रिफाइनिंग क्षमता लगातार घट रही है.

 

इसके विपरीत भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी रिफाइनिंग क्षमता वाला देश बन चुका है. पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि वर्ष 2018 से 2023 के बीच राजस्थान में कांग्रेस सरकार के दौरान रिफाइनरी का काम लगभग ठप पड़ा रहा. कहा कि बीजेपी क्षेत्रवाद और विभाजन की राजनीति नहीं करती, बल्कि 'राष्ट्र प्रथम' के सिद्धांत पर काम करती है.

 

उन्होंने बालोतरा रिफाइनरी को आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ा कदम बताते हुए कहा कि इससे हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा. साथ ही जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल, उड़ान (UDAN) योजना के विस्तार, शेखावाटी की पेयजल परियोजनाओं और 54 हजार युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र मिलने का भी जिक्र किया.

 

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि राजस्थान के हजारों स्थानों पर लाखों लोग तकनीक के माध्यम से इस कार्यक्रम से जुड़े हैं. उन्होंने प्रदेश की जनता का आभार जताते हुए कहा कि राजस्थान की जनता का बीजेपी सरकार पर भरोसा लगातार मजबूत हुआ है और इस स्नेह के लिए वह राज्य की मिट्टी के ऋणी हैं.

 

उन्होंने कहा कि बालोतरा में स्थापित रिफाइनरी देश को समर्पित कर दी गई है. इस परियोजना से न केवल ऊर्जा क्षेत्र को मजबूती मिलेगी, बल्कि हजारों लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे. उन्होंने कहा कि यह परियोजना इस बात का उदाहरण है कि बीजेपी सरकारें केवल आधारशिला रखकर काम नहीं छोड़तीं, बल्कि उसे पूरा करने के लिए लगातार काम करती हैं.

 

मोदी ने बताया कि जोधपुर में नए एयरपोर्ट टर्मिनल का भी उद्घाटन किया गया है, जिसका डिजाइन और इंटीरियर लोगों को काफी पसंद आ रहा है. उन्होंने कहा कि इससे मारवाड़ क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार और रोजगार को नई गति मिलेगी. साथ ही उड़ान योजना के नए चरण के जरिए छोटे शहरों और दूरदराज के इलाकों को हवाई सेवा से जोड़ा जाएगा.

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि शेखावाटी क्षेत्र की वर्षों पुरानी पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में भी बड़ा काम हो रहा है. उन्होंने बताया कि राजस्थान में करीब 54 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र भी दिए गए हैं. 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही