Ranchi : JPSC नियुक्ति घोटाले को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो 10 अगस्त को विधानसभा का घेराव किया जाएगा. छात्रों के प्रस्तावित विधानसभा घेराव को लेकर अब राजनीतिक स्तर पर भी सक्रियता बढ़ गई है.
भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की बैठक में पार्टी के सभी विधायकों को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों से अधिक से अधिक संख्या में लोगों को रांची लाने का टास्क दिए जाने की जानकारी सामने आई है.
सूत्रों के अनुसार, भाजपा विधायकों से अपने-अपने क्षेत्र से कम से कम 50 हजार लोगों की संख्या जुटाने की तैयारी करने को कहा गया है. इसके बाद विधानसभा घेराव में बड़ी भीड़ जुटने की संभावना को लेकर स्पेशल ब्रांच ने पुलिस मुख्यालय और सरकार को अलर्ट किया है.
छात्रों के आंदोलन को BJP का समर्थन
JPSC नियुक्ति प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों और परीक्षा से जुड़े मामलों को लेकर छात्र लगातार आंदोलन कर रहे हैं. छात्रों ने मांगें नहीं माने जाने की स्थिति में 10 अगस्त को विधानसभा घेराव का ऐलान किया है. इसी आंदोलन को लेकर भाजपा ने भी सरकार पर दबाव बनाने की रणनीति तैयार की है.
बताया जा रहा है कि वरिष्ठ भाजपा नेताओं की बैठक में विधायकों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में संगठन और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय कर अधिक से अधिक लोगों को विधानसभा घेराव में शामिल होने के लिए रांची लाने की तैयारी करें.
स्पेशल ब्रांच ने मुख्यालय को भेजी रिपोर्ट
विधानसभा घेराव में संभावित बड़ी भीड़ को देखते हुए स्पेशल ब्रांच ने पुलिस मुख्यालय और सरकार को खुफिया इनपुट भेजकर अलर्ट किया है. रिपोर्ट में अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों के रांची पहुंचने की संभावना जताई गई है.
स्पेशल ब्रांच अब यह भी पता लगा रही है कि किन जिलों से कितनी संख्या में लोग रांची पहुंच सकते हैं और उनके आने के संभावित रूट क्या होंगे. भीड़ के मद्देनजर विधानसभा परिसर के आसपास सुरक्षा, ट्रैफिक और कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस स्तर पर तैयारी शुरू कर दी गई है.
बच्चों को भी आंदोलन में शामिल करने का इनपुट
स्पेशल ब्रांच के इनपुट में यह भी बताया गया है कि प्रदर्शन में बच्चों को शामिल किए जाने की तैयारी हो सकती है. इसे लेकर पुलिस-प्रशासन अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है. बड़ी संख्या में लोगों के रांची पहुंचने की स्थिति में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अलग से रणनीति तैयार की जा रही है.
JPSC मुद्दे पर छात्रों के आंदोलन और भाजपा के राजनीतिक समर्थन के बाद 10 अगस्त का प्रस्तावित विधानसभा घेराव अब सरकार और पुलिस प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनता दिख रहा है. स्पेशल ब्रांच की रिपोर्ट के बाद पुलिस मुख्यालय ने भी कार्यक्रम को लेकर निगरानी और सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment