Ranchi : शहर के विभिन्न मतदान केंद्रों (बूथों) पर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मतदाता सूची में नाम जोड़ने, त्रुटियों में सुधार करने और पता बदलने के लिए विशेष कैंप आयोजित किए गए. इन कैंपों में बड़ी संख्या में मतदाताओं ने पहुंचकर अपने आवेदन फॉर्म जमा किए.
इसे भी पढ़ें
रांची विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 254 के बीएलओ दीपक रजक ने बताया कि इस विशेष कैंप का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची की विसंगतियों को दूर करना है. उन्होंने कहा कि जो लोग 'नॉन-मैपिंग' के कारण सूची में शामिल होने से छूट गए थे या जिन्होंने पहले गणना प्रपत्र नहीं भरा था, उन्हें भी इन कैंपों में आवेदन करने का अवसर दिया गया है.
इसके अलावा वर्ष 2003 की मतदाता सूची में जिन पात्र लोगों का नाम छूट गया था, वे भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना आवेदन जमा कर सकते हैं. उन्होंने बताया कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए फॉर्म-6 भरवाया जा रहा है.
वहीं, झारखंड के अंदर एक स्थान से दूसरे स्थान पर शिफ्ट होने वाले मतदाताओं के पते में बदलाव या अन्य सुधार के लिए फॉर्म-8 भरवाया जा रहा है. बीएलओ ने बताया कि विशेष कैंप का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र लोगों को मतदाता सूची से जोड़ना और सूची में मौजूद त्रुटियों को दूर करना है, ताकि कोई भी योग्य मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे.

