Sports News : स्पेन के युवा टेनिस खिलाड़ी कार्लोस अल्काराज टेनिस जगत में इतिहास रच दिया है. रविवार को इटली के ट्यूरिन में खेले गए ATP फाइनल्स के फाइनल मुकाबले में जर्मनी के अलेक्जेंडर ज्वेरेव को सीधे सेटों में 6-2, 7-6 (7) से हराकर टूर्नामेंट का खिताब जीत लिया. यह खिताब उन्होंने पहली बार जीता.
इसे भी पढ़ें...
इस जीत के साथ अल्काराज करियर ग्रैंड स्लैम और ATP फाइनल्स का खिताब जीतने वाले दुनिया के चौथे खिलाड़ी बन गए हैं. उनसे पहले अमेरिका के आंद्रे अगासी, स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर और सर्बिया के नोवाक जोकोविच उपलब्धि हासिल कर चुके हैं.
इस जीत के बाद कार्लोस अल्काराज काफी भावुक नजर आए. उन्होंने कहा कि महान खिलाड़ियों की सूची में अपना नाम देखना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा है.
अल्काराज के मुताबिक, पिछले कुछ समय से वह और उनकी टीम मुश्किल दौर से गुजर रहे थे. हालांकि, तमाम चुनौतियों के बावजूद उन्होंने मेहनत जारी रखी और अब अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर रहे हैं. इस ट्रॉफी का उन्हें लंबे समय से इंतजार था.
चोट के बावजूद नहीं रुके अल्काराज
अल्काराज के लिए इस खिताब तक पहुंचने का सफर आसान नहीं रहा. दाईं कलाई में चोट के चलते उन्हें इस साल करीब चार महीने तक टेनिस कोर्ट से दूर रहना पड़ा था. फाइनल मुकाबले में भी उनकी बाईं हैमस्ट्रिंग और दाएं घुटने पर टेप लगी हुई थी.
इसके बावजूद उन्होंने शानदार खेल दिखाया और लगातार 14वीं जीत दर्ज कर ली. खिताब के साथ अल्काराज को करीब 5.2 मिलियन डॉलर यानी भारतीय मुद्रा में लगभग 43 करोड़ रुपये की इनामी राशि भी मिली.
फाइनल मुकाबले में अल्काराज शुरुआत से ही आक्रामक नजर आए. पूरे टूर्नामेंट में अपनी सर्विस बचाकर रखने वाले ज्वेरेव को फाइनल में काफी संघर्ष करना पड़ा. पहले सेट में अल्काराज ने उनकी सर्विस तीन बार तोड़ते हुए 6-2 से सेट अपने नाम कर लिया.
डेविस कप पर अब दोनों खिलाड़ियों की नजर
इस जीत के बाद ज्वेरेव के खिलाफ अल्काराज का आमने-सामने का रिकॉर्ड 8-6 हो गया है. मैच के बाद ज्वेरेव ने भी माना कि टखने में पुराने टखने के दर्द के कारण वे अपनी सबसे बड़ी ताकत यानी 'सर्विस' का सही इस्तेमाल नहीं कर पाए. अब दोनों खिलाड़ी मंगलवार से इटली के बोलोग्ना में शुरू हो रहे डेविस कप फाइनल-8 में अपने-अपने देशों का प्रतिनिधित्व करेंगे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

