Search

सेंट जेवियर्स कॉलेज में 3 दिवसीय जेवियर उत्सव ‘ANASTASIS’ का शुभारंभ

Ranchi : सेंट जेवियर्स कॉलेज रांची में आज 3 दिवसीय जेवियर उत्सव ‘ANASTASIS’ का शुभारंभ हुआ. उद्घाटन सत्र में प्रस्तुत भारतीय शास्त्रीय नृत्य ‘स्वागतम’ ने पूरे परिसर को सांस्कृतिक गरिमा और उत्सवी रंगों से भर दिया. 

 

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व प्राचार्य डॉ. फादर निकोलस टेटे, एसजे, विशिष्ट अतिथि डॉ. फादर सुधीर मिंज, एसजे व प्राचार्य डॉ. फादर रोबर्ट प्रदीप कुजूर, एसजे ने दीप प्रज्ज्वलित कर शुरुआत किया. 

 

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि फादर टेटे का स्वागत कर और शास्त्रीय नृत्य स्वागतम की प्रस्तुति से हुई. तीन दिवसीय कार्यक्रम के पहले दिन में भिन्न भिन्न प्रकार के सांस्कृतिक नृत्य, संगीत, आदिवासी नृत्य और कई प्रतियोगिता का आयोजन हुआ.

 

कॉलेज के प्राचार्य डॉ फादर रोबर्ट प्रदीप कुजूर एसजे ने अपने सम्बोधन में सबकी उत्साह को बढ़ाते हुए कहा  कि जेवियर उत्सव प्रतिभाओं को पहचान देने का सफल मंच है. उत्सवी रंग के साथ-साथ विद्यार्थी अपने लक्ष्य को हमेशा याद रखें और जेवियर्स की पहचान को आगे बढ़ाते रहे.

 

विशिष्ट अतिथि डॉ फादर सुधीर मिंज एसजे ने छात्रों से कहा कि कॉलेज के आपको जो अवसर प्रदान कर रहा है इसका भरपूर लाभ उठाएं और अपनी छुपी हुई प्रतिभा को निखारें उजागर करें साथ ही साथ एक दूसरे का आदर करें और कॉलेज का नाम रोशन करते रहे. 

 

मुख्य अतिथि डॉ फादर निकोलस टेटे एसजे ने कहा कि जेवियर्स की पहचान यहां की अनेकता में एकता से है. यह कार्यक्रम बेहतर टीमवर्क का प्रतीक है. टीमवर्क ही कॉलेज को अलग पहचान देती है. तीन दिनों का यह कार्यक्रम के लिए शुभकामना संदेश दिया.

 

इसके बाद विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न वाद्य यंत्रों की मनोहारी प्रस्तुति दी गई. जिसकी मधुर ध्वनियों ने उपस्थित सभी लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया. कॉलेज परिसर में हर ओर उमंग, उत्साह और रचनात्मकता का वातावरण देखने को मिला.

 

उत्सव के अंतर्गत कुल 20 आकर्षक स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें छात्र-छात्राओं के साथ-साथ विभिन्न प्रायोजकों की भागीदारी भी रही. फूड स्टॉल्स पर विविध व्यंजनों की खुशबू और स्वाद ने सभी को आकर्षित किया.

 

वहीं मैच माय कार्ड, कॉफी मग चैलेंज जैसे खेलों ने छात्रों में खासा उत्साह भर दिया. इसके अलावा बकेट बॉल और ह्यूमन स्नेक एंड लैडर जैसे मनोरंजक खेलों में छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और भरपूर आनंद उठाया.

 

संगीत प्रतियोगिता ‘VOXA’ उत्सव का एक विशेष आकर्षण रही, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी सुमधुर गायकी से श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया. इस प्रतियोगिता में बॉलीवुड गीतों से लेकर गजल और सूफी संगीत तक की शानदार प्रस्तुतियां देखने को मिलीं.

 

इसके साथ ही कॉलेज परिसर के विभिन्न स्थानों पर हिंदी एवं अंग्रेजी वाद-विवाद, मेहंदी आर्ट, टी-शर्ट पेंटिंग, क्रिएटिव राइटिंग, कार्टून मेकिंग, पोस्टर मेकिंग और नुक्कड़ नाटक जैसी अनेक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं. 

 

करीब पांच वर्षों के लंबे अंतराल के बाद आयोजित हो रहे जेवियर उत्सव को लेकर छात्रों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ झलक रहा था. उत्सव में Catalyst IAS, Tata Motors, Vivo, Suzuki सहित कई प्रतिष्ठित प्रायोजकों के स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र बने रहे.

 

पहले दिन का समापन ‘शाम-ए-गजल’ के सुरीले आयोजन के साथ हुआ, जिसमें प्रसिद्ध गायक रोहन देव पाठक और उज्ज्वल रॉय ने अपनी भावपूर्ण गजलों से समूचे माहौल को संगीतमय बना दिया. सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची में आयोजित जेवियर उत्सव ‘ANASTASIS’ का पहला दिन कला, संस्कृति, रचनात्मकता और आनंद का भव्य संगम रहा.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//