Ranchi: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के छह और सात जून को प्रस्तावित दो दिवसीय झारखंड दौरे की सफलता को लेकर प्रदेश भाजपा ने कमर कस ली है. इससे जुड़ी तैयारियों की पूरी रूपरेखा तैयार करने और उसको अमलीजामा पहनाने को लेकर प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में बैठक हुआ.
इसपर प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाऊरी ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के दो दिवसीय झारखंड दौरे को लेकर पार्टी पूरी तरह तैयार है. आज की यह बैठक राष्ट्रीय अध्यक्ष के भावी दौरे को सफल बनाने की रणनीति तैयार करने और उसके क्रियान्वयन को लेकर रखी गई थी. बैठक में उनके दौरे से जुड़ी तैयारियों का बिंदुवार खाका खींचा गया और उसे सफल बनाने के लिए नेताओं के बीच जिम्मेवारियों का बंटवारा किया गया.
बाउरी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभालने के बाद यह उनका पहला झारखंड दौरा है. इस दौरान वे पार्टी के कई कार्यक्रमों, सांगठनिक बैठकों के साथ कई गैर राजनीतिक कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे. राष्ट्रीय अध्यक्ष के झारखंड दौरे को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है. राष्ट्रीय अध्यक्ष के झारखंड दौरे से संगठन को ताकत मिलेगी. साथ ही यह दौरा कार्यकर्ताओं में नया जोश भरने का काम करेगा.
बाउरी ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का रांची से काफी गहरा और आत्मीय संबंध है. उनका जन्म, उनकी उच्च शिक्षा भी रांची से हुई है. इसलिए राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए रांची और झारखंड, नई जगह नहीं है.
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के अलावा प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, हजारीबाग के सांसद मनीष जयसवाल, रांची के वरिष्ठ विधायक सीपी सिंह, हटिया विधायक नवीन जयसवाल, बड़कागांव विधायक रोशनलाल चौधरी, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, अमर कुमार बाऊरी, मनोज सिंह, रांची के डिप्टी मेयर नीरज कुमार, रांची महानगर, रांची पश्चिमी, रांची पूर्वी, रामगढ़ के जिलाध्यक्ष क्रमशः वरुण साहू, नरेंद्र सिंह, विनय महतो, संजीव कुमार बाबला के अलावा उपरोक्त चारों जिला के प्रभारी सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment