Search

BAU में 14 से 16 मार्च तक राज्यस्तरीय एग्रोटेक किसान मेला, CM करेंगे उद्घाटन

Ranchi : बिरसा कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू) के कांके परिसर में 14 से 16 मार्च 2026 तक राज्यस्तरीय एग्रोटेक किसान मेला का आयोजन किया जाएगा.मेले का उद्घाटन 14 मार्च को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे, जबकि राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार 16 मार्च को समापन समारोह के मुख्य अतिथि होंगे. वहीं, अति विशिष्ट अतिथि के रूप में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ उपस्थित रहेंगे. इस वर्ष मेले की केंद्रीय थीम टिकाऊ कृषि हेतु जलवायु अनुकूल तकनीकी नवाचार रखी गई है.

 

कार्यक्रम में कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, विभाग के सचिव अबूबकर सिद्दीख तथा विधायक राजेश कच्छप, अमित कुमार और सुरेश कुमार बैठा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे.मेले के दूसरे दिन विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो पशु-पक्षी प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे, जबकि राज्यसभा सदस्य डॉ. महुआ माजी महिला कृषक गोष्ठी का उद्घाटन करेंगी. राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा महिला गोष्ठी में विशिष्ट अतिथि रहेंगी.

 

Uploaded Image

 

बीएयू के कुलपति डॉ. सुनील चंद्र दुबे ने बताया कि मेले में लगभग 135 स्टॉल लगाए जाएंगे. इनमें विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों, संकायों, महाविद्यालयों, क्षेत्रीय अनुसंधान केंद्रों और कृषि विज्ञान केंद्रों के अलावा भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के संस्थान, कृषि से जुड़े विभाग, बीज, कृषि यंत्र और उर्वरक निर्माता-विक्रेता, बैंक, वित्तीय संस्थान तथा स्वयंसेवी संगठन अपनी तकनीक, सेवाएं और उत्पाद प्रदर्शित करेंगे. किसानों के लिए विभिन्न कृषि इनपुट की बिक्री भी उपलब्ध रहेगी और वैज्ञानिक खेती से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए तकनीकी परामर्श भी देंगे.

 

निदेशक प्रसार शिक्षा डॉ. रेखा सिन्हा के निर्देशन में विभिन्न समितियां मेले की तैयारियों में जुटी हुई हैं. स्टॉल बुकिंग के लिए बीएयू के प्रसार शिक्षा निदेशालय में संदीप शेखर (7004434601) से संपर्क किया जा सकता है. तीन दिनों के लिए 10×12 फीट के स्टॉल का शुल्क 5000 रुपये निर्धारित किया गया है.

 

मेले का उद्देश्य किसानों, कृषक महिलाओं और युवा उद्यमियों को उन्नत कृषि, पशुपालन, वानिकी, डेयरी, जैव प्रौद्योगिकी, कृषि यंत्रीकरण, खाद्य प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन से संबंधित आधुनिक तकनीकों की जानकारी देना है. इस अवसर पर फल-फूल, सब्जी, मसालों, सजावटी, औषधीय एवं सुगंधित पौधों की उद्यान प्रदर्शनी, पशु-पक्षी प्रदर्शनी, कृषि यंत्र प्रदर्शनी, किसान गोष्ठी, महिला कृषक संगोष्ठी तथा प्रायोगिक प्रक्षेत्रों का भ्रमण आयोजित किया जाएगा. राज्य के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में किसान इसमें भाग लेंगे.

 

मेले के मुख्य आकर्षण में धान, दलहन और तिलहन फसलों की उन्नत उत्पादन तकनीक का प्रदर्शन, संरक्षित खेती के मॉडल, कृषि यंत्र, कृषि रसायन और साहित्य की प्रदर्शनी-बिक्री, संकर बीज और पौध सामग्री की उपलब्धता, मिट्टी और जल की नि:शुल्क जांच, पशु रोगों की जांच-निदान परामर्श, पशुपालन प्रबंधन तकनीक, सामुदायिक विज्ञान विभाग द्वारा तैयार मिलेट्स के मूल्य संवर्धित उत्पादों की बिक्री, किसानों और वैज्ञानिकों के बीच सीधी चर्चा, प्रयोगात्मक प्रक्षेत्रों का भ्रमण तथा प्रगतिशील किसानों का सम्मान शामिल हैं. साथ ही कृषि तकनीकों पर आधारित वीडियो फिल्मों का भी प्रदर्शन किया जाएगा.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp