Search

 
 
 

हजारीबाग मुठभेड़ के बाद राहुल दुबे गैंग के नाम पर बयान जारी, पुलिस अफसरों की भूमिका की निष्पक्ष जांच की मांग

Hazaribagh :  हजारीबाग में पुलिस और राहुल दुबे गैंग के बीच हुई मुठभेड़ के एक दिन बाद सोशल मीडिया पर गैंग के नाम से जारी एक कथित प्रेस विज्ञप्ति ने नया विवाद खड़ा कर दिया है. इस बयान में पुलिस अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए एक हिरासत में हुई मौत के मामले की निष्पक्ष जांच और थाने का सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक करने की मांग की गई है
 
अपराधी राहुल दुबे
  • हिरासत में मौत का भी मामला उठाया

Hazaribagh :  हजारीबाग पुलिस और राहुल दुबे गैंग के बीच मुठभेड़ के बाद अब गैंग के नाम से सोशल मीडिया पर जारी प्रेस विज्ञप्ति ने नया विवाद खड़ा कर दिया है. 24 नवंबर को जारी इस बयान में पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाने के बजाय कुछ पुलिस अधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है.

 

बयान में कहा गया है कि अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई और मुठभेड़ का विरोध नहीं है. लेकिन निर्दोष लोगों के साथ कथित गलत कार्रवाई भी बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए. (इसे भी पढ़ें....पलामू के राजहरा कोलियरी में मुआवजे को लेकर ग्रामीणों और सीसीएल प्रबंधन के बीच झड़प)

 

Uploaded Image

 

दिलीप सिंह की मौत का मामला उठाया

प्रेस विज्ञप्ति में पुलिस अधिकारी अब्दुल कादिर खान की भूमिका की एसपी की निगरानी में जांच कराने की मांग की गई है. बयान में आरोप लगाया गया है कि लातेहार से लाए गए दिलीप सिंह के साथ थाने में मारपीट की गई थी, जिसके कारण उनकी मौत हो गई. साथ ही मामले की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने और संबंधित थाने का सीसीटीवी फुटेज सामने लाने की मांग की गई है.

 

हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. बयान में दिलीप सिंह और अंशु दुबे के परिजनों से एसपी को मुलाकात करने और उन्हें न्याय दिलाने में सहयोग करने की अपील की गई है. कथित रूप से दोषी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी की गई है.

 

कानून सभी के लिए समान होने की कही बात

राहुल दुबे गैंग के नाम से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि कानून का पालन सभी को करना चाहिए. कोई व्यक्ति अपराधी हो या पुलिस अधिकारी, कानून सबके लिए एक समान होना चाहिए. यदि किसी पुलिसकर्मी पर गलत कार्रवाई करने का आरोप है तो उसकी भी जांच होनी चाहिए.

 

बयान में व्यवसायियों को परेशान नहीं करने और हजारीबाग में किसी भी तरह की आपराधिक घटना को अंजाम नहीं देने का दावा भी किया गया है. हालांकि, सोशल मीडिया पर जारी इस प्रेस विज्ञप्ति की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि इसे वास्तव में राहुल दुबे गैंग ने ही जारी किया है.

 

पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद आया बयान

गौरतलब है कि सोमवार को हजारीबाग के कटकमसांडी थाना क्षेत्र के डाटोखुर्द में पुलिस और राहुल दुबे गैंग के सदस्यों के बीच मुठभेड़ हुई थी. इस मुठभेड़ में दो अपराधियों को गोली लगी थी. दोनों का शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज चल रहा है. मुठभेड़ के एक दिन बाद गैंग के नाम से जारी इस बयान के बाद पुलिस कार्रवाई और अधिकारियों की भूमिका को लेकर चर्चा तेज हो गई है. फिलहाल इस पूरे मामले पर पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही