Palamu News : सीसीएल की राजहरा कोलियरी में जमीन और मकान के मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों और कोलियरी प्रबंधन के बीच झड़प हो गई. ग्रामीणों का आरोप है कि प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा दिए बिना ही इलाके में कोयला खनन और हैवी ब्लास्टिंग कराई जा रही है. उनका दावा है कि मामले में स्टे ऑर्डर होने के बावजूद ब्लास्टिंग जारी है, जिससे उनके घरों और जान-माल को खतरा बना हुआ है.

ग्रामीणों का कहना है कि जब तक प्रभावित परिवारों को उनकी जमीन और मकानों का पूरा मुआवजा नहीं मिल जाता, तब तक वे खनन और ब्लास्टिंग नहीं होने देंगे. ग्रामीण इसी को लेकर ब्लास्टिंग रोकने पहुंचे थे. इसी दौरान ग्रामीणों और सीसीएल प्रबंधन के बीच विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच झड़प हो गई.
इसे भी पढ़ें
ग्रामीणों ने सीसीएल प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन पर मिलीभगत का आरोप लगाया है. उनका आरोप है कि खनन और ब्लास्टिंग का विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई और उन्हें मौके से भगा दिया गया. घटना से नाराज ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप करने, ब्लास्टिंग पर रोक लगाने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है. साथ ही प्रभावित परिवारों को जमीन और मकानों का उचित मुआवजा दिलाने की मांग उठाई है.

