Gumla : जिले के कार्तिक उरांव कॉलेज के समीप पालकोट रोड पर मंगलवार की रात करीब 12:30 बजे कार और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हुई. टक्कर के बाद ट्रक 11 हजार वोल्ट के बिजली के खंभे से टकरा गई और उसमें आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि चालक को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और उसकी जिंदा जलकर मौत हो गई.
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी पंकज कुमार (35 वर्षीय) के रूप में हुई है. वह राउरकेला से सरिया लेकर उत्तर प्रदेश जा रहा था. आग बुझने के बाद ट्रक के केबिन में चालक का कंकाल बरामद किया गया. (इसे भी पढ़ें....पश्चिम बंगाल का नाम बदलेगी भाजपा सरकार, नया नाम होगा "पश्चिम बंगा")
सरिया लेकर उत्तर प्रदेश जा रहा था ट्रक
जानकारी के अनुसार, पंकज कुमार राउरकेला से ट्रक में सरिया लोड कर उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जा रहा था. इसी दौरान पालकोट रोड पर सामने से आ रही कार को बचाने के प्रयास में ट्रक अनियंत्रित हो गया. पहले कार से उसकी टक्कर हुई और फिर ट्रक सड़क किनारे बिजली के खंभे से जा भिड़ा. टक्कर के बाद वाहन में आग लग गई.
इसे भी पढ़ें
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना के दौरान पीछे चल रहे एक अन्य ट्रक के चालक ने गुमला थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची. लेकिन तब तक आग पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले चुकी थी. हादसे में चालक की जान नहीं बचाई जा सकी. मंगलवार सुबह हादसे की खबर फैलते ही घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई.
पुलिस ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था की और सड़क पर बैरिकेडिंग कर यातायात नियंत्रित किया. फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है. दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और ट्रक में आग लगने की वास्तविक वजह क्या थी, इसकी जांच की जा रही है.

