- वीसी के जाली हस्ताक्षर से नौकरी देने का दावा
- AI से तैयार करने की आशंका
- लातेहार के मनिका डिग्री कॉलेज में जूनियर डिवीजन क्लर्क के पद पर नियुक्ति का दावा
Palamu : नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय (NPU) के नाम पर फर्जी नियुक्ति पत्र जारी करने का मामला सामने आया है. कथित नियुक्ति पत्र पर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. दिनेश कुमार सिंह के जाली हस्ताक्षर भी किए गए हैं. मामला सामने आने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने जांच शुरू करने का निर्देश दिया है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, फर्जी नियुक्ति पत्र आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से तैयार किए जाने की आशंका है.
इसे भी पढ़ें
कुलपति ने दिए जांच के निर्देश
जानकारी के अनुसार, लातेहार जिले के मनिका डिग्री कॉलेज के नाम से यह नियुक्ति पत्र तैयार किया गया है. इसमें मनिका प्रखंड के सिंजो गांव निवासी रानी देवी को जूनियर डिवीजन क्लर्क के पद पर नियुक्त करने का दावा किया गया है. पत्र पर 17 नवंबर की तारीख दर्ज है. इसमें पांच दिसंबर को योगदान देने और प्रतिमाह 27,860 रुपये वेतन देने का भी उल्लेख किया गया है.
नियुक्ति पत्र पर कुलपति डॉ. दिनेश कुमार सिंह का फर्जी हस्ताक्षर भी किया गया है. हालांकि विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विश्वविद्यालय की ओर से ऐसी कोई नियुक्ति नहीं की गई है और नियुक्ति पत्र को फर्जी बताया है. साथ ही कुलपति डॉ. दिनेश कुमार सिंह ने मनिका डिग्री कॉलेज के प्राचार्य को पूरे प्रकरण की जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है.
नौकरी के नाम पर ठगी की आशंका
रानी देवी के पति मिथिलेश यादव के अनुसार, एक व्यक्ति ने फोन कर नियुक्ति पत्र जारी होने की जानकारी दी थी. हालांकि, उन्हें अब तक नियुक्ति पत्र प्राप्त नहीं हुआ है. न ही इस संबंध में कोई विस्तृत जानकारी दी गई है. ऐसे में यह सवाल है कि आखिर विश्वविद्यालय के नाम पर फर्जी नियुक्ति पत्र किसने तैयार किया और इसके पीछे क्या मकसद था.
विश्वविद्यालय के नाम और कुलपति के हस्ताक्षर का इस्तेमाल कर फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार किए जाने से नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले लोगों की आशंका बढ़ गई है. बेरोजगार युवाओं को सरकारी या शैक्षणिक संस्थानों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी करने के मामलों के बीच यह प्रकरण गंभीर है. फिलहाल जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि फर्जी नियुक्ति पत्र किसने तैयार किया और इसके पीछे किसका हाथ है.
