Search

 
 
 

राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत गोस्सनर कॉलेज में तनाव मुक्ति शिविर

जिला स्वास्थ्य समिति रांची व टेली-मानस झारखंड के संयुक्त तत्वावधान में गोस्सनर कॉलेज, रांची में राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत तनाव मुक्ति शिविर का आयोजन किया गया.
 

Ranchi : जिला स्वास्थ्य समिति रांची व टेली-मानस झारखंड के संयुक्त तत्वावधान में गोस्सनर कॉलेज, रांची में राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत तनाव मुक्ति शिविर का आयोजन किया गया. इस शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें तनाव से निपटने के प्रभावी उपायों से अवगत कराना था.


कार्यक्रम के दौरान गोस्सनर कॉलेज की प्राचार्य प्रो. एलानिया पूर्ति ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए मानसिक स्वास्थ्य को जीवन का अहम हिस्सा बताया और उन्हें ऐसे कार्यक्रमों से निरंतर जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया. 

 

शिविर में उपस्थित चिकित्सकों एवं परामर्शदाताओं द्वारा विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया तथा आवश्यकता अनुसार दवाओं का भी वितरण किया गया. कार्यक्रम को सफल बनाने में लर्निंग लिंक्स फाउंडेशन के सदस्यों का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा.

 

शिविर के दौरान विद्यार्थियों के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें एक्टिविटी के माध्यम से संदेश देना, समूह सहभागिता तथा अंत में जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए वन-ऑन-वन काउंसिलिंग शामिल रही.

 

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत के पश्चात झिमली चटर्जी द्वारा कराई गई आइस-ब्रेकिंग गतिविधि से हुआ, जिससे विद्यार्थियों में सहजता और सहभागिता का माहौल बना इसके बाद डॉ. सहज (मनोचिकित्सक) ने मानसिक स्वास्थ्य, मानसिक रोगों के लक्षण, उनके कारण तथा समय पर उपचार की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला.

 

 वहीं डॉ. प्रीथा रॉय एवं झिमली चटर्जी (NMHP) ने तनाव के विभिन्न प्रकारों, उनके शारीरिक व मानसिक प्रभावों और उनसे बचाव के व्यावहारिक उपायों पर चर्चा की. इस क्रम में संताना कुमारी (NHM स्टेट सेल नोडल ऑफिसर) ने तनाव कम करने की प्रभावी तकनीकों की जानकारी दी.

 

सत्र के अंत में विद्यार्थियों की व्यक्तिगत काउंसिलिंग की गई और जरूरत के अनुसार उन्हें चिकित्सीय परामर्श एवं दवाइयां उपलब्ध कराई गईं. इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. एलानिया पूर्ति ने कहा कि विद्यार्थियों का मानसिक स्वास्थ्य उनकी शैक्षणिक प्रगति की नींव है. ऐसे कार्यक्रम उन्हें मानसिक रूप से सशक्त बनाते हैं. उन्होंने टेली-मानस की टीम का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही.

 

कार्यक्रम में यह भी जानकारी दी गई कि मानसिक परेशानी की स्थिति में 24×7 टोल फ्री नंबर 14416 या 1800-891-4416 पर संपर्क किया जा सकता है. शिविर में जिला स्वास्थ्य समिति से शांतना कुमारी (स्टेट कंसल्टेंट, राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम), डॉ. सीमा गुप्ता (जिला नोडल पदाधिकारी, एनसीडी कोषांग), अभिषेक कुमार (जिला कार्यक्रम सहायक) तथा टेली-मानस टीम से डॉ. सहज साथू, झिमली चटर्जी, राधिका उपस्थित रहीं.

 

कार्यक्रम को सफल बनाने में गोस्सनर कॉलेज के शिक्षकों पी. के. गुप्ता, अनीता रंजन, नीलम तिरु, प्रियंका सोरेन तथा लर्निंग लिंक्स फाउंडेशन से नीरज कुमार, शिल्बिया पूर्ति एवं अंजू कुमारी का अहम योगदान रहा.

 


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही