Search

रांची में भू-राजस्व मामलों पर सख्ती: लापरवाही बरतने वाला राजस्व कर्मचारी निलंबित

Ranchi : भू-राजस्व से जुड़े मामलों में मिल रही शिकायतों को लेकर शनिवार को उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कार्रवाई शुरू कर दी है. इसको लेकर समाहरणालय में समीक्षा बैठक हुई. जहां जमीन से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई और कहा गया कि किसी भी तरह की गड़बड़ी या भूमाफिया से सांठगांठ बर्दाश्त नहीं की जाएगी. 

 

बैठक के दौरान कांके अंचल में अवैध रूप से बाउंड्री वॉल निर्माण के मामले में एक राजस्व कर्मचारी को तत्काल निलंबित करने का आदेश दिया गया. वहीं अनगड़ा अंचल में 90 दिनों से अधिक समय से लंबित दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) मामलों पर संबंधित कर्मचारी को शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए.

 

उपायुक्त ने सभी अंचलों में लंबित म्यूटेशन आवेदनों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि 10 डिसमिल से कम भूमि से जुड़े मामलों का समय पर निष्पादन किया जाए. उन्होंने चेतावनी दी कि जनता दरबार में ऐसे मामले लंबित पाए जाने पर संबंधित कर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी.

 

रिजेक्ट किए गए म्यूटेशन मामलों की भी अब जांच किए जाएंगे. प्रत्येक अंचल से 10-10 मामलों का रैंडम चयन कर समीक्षा के निर्देश दिए गए हैं. गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों पर आरोप पत्र गठित किया जाएगा.

 

पंजी-2 में सुधार कार्य को लेकर भी उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों को पिछले दो महीने की रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है. इसके साथ ही निर्देश दिया कि तकनीकी कारणों से लंबित मामलों की जानकारी समय पर दी जाए, ताकि शीघ्र समाधान हो सके. बैठक में अंचल अधिकारियों को अपने कर्मियों पर नियंत्रण रखने और राजस्व कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//