Ranchi: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान फर्जी जन्म प्रमाण पत्र मिलने के मामलों पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने चिंता जतायी है. उन्होंने सभी जिलों के निर्वाचन अधिकारियों को ऐसे दस्तावेजों की गंभीरता से जांच करने और फर्जी प्रमाण पत्र देने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है.
सोमवार को निर्वाचन सदन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में के. रवि कुमार ने कहा कि नोटिस और सुनवाई के दौरान कई मामलों में फर्जी जन्म प्रमाण पत्र सामने आ रहे हैं. गढ़वा, रांची और पलामू में सुपर चेकिंग के दौरान ऐसी गड़बड़ियां मिली थीं.
वहीं 22 नवंबर को पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र में भी फर्जी जन्म प्रमाण पत्र मिलने का मामला सामने आया. इसपर संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी को कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है.
इसे भी पढ़ें -
उन्होंने माता-पिता के नाम और ईपीआईसी संख्या दर्ज करने में लापरवाही पर नाराजगी जतायी. अधिकारियों को निर्देश दिया कि उपलब्ध विवरण का ECINET पर सत्यापन कर गणना प्रपत्र, घोषणा पत्र और आदेश पत्रक में अनिवार्य रूप से दर्ज करें. पूर्व की मतदाता सूची में पंजीकृत माता-पिता का विवरण आवेदक से लिंक किया जाए.
के. रवि कुमार ने कहा कि नोटिस के बाद सुनवाई पूरी होने पर संबंधित अधिकारी स्पीकिंग ऑर्डर जारी करें. किसी मतदाता का नाम उचित जांच और सक्षम अधिकारी के आदेश के बिना नहीं हटाया जाए. उन्होंने सभी जिलों को कमियों में सुधार कर 30 नवंबर तक अनुपालन रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया. साथ ही छूटे हुए पात्र मतदाताओं को फॉर्म-6 के माध्यम से सूची में शामिल करने और आवेदनों का समय पर डिजिटाइजेशन करने को कहा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

