Search

 
 
 

रांची विश्वविद्यालय में छात्रों का प्रदर्शन, सेशन लेट व अव्यवस्था पर छात्र आक्रोशित

रांची विश्वविद्यालय में छात्र संगठन एनएसयूआई (NSUI) के बैनर तले छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया.
 

Ranchi: रांची विश्वविद्यालय में छात्र संगठन एनएसयूआई (NSUI) के बैनर तले छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. यह प्रदर्शन विश्वविद्यालय में व्याप्त अव्यवस्था और लगातार लेट चल रहे शैक्षणिक सत्र को लेकर किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्रों ने भाग लिया.

 

प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने में पूरी तरह विफल रहा है. उनका कहना है कि 2023-26 और 2023-27 सहित कई सत्र समय पर संचालित नहीं हो रहे हैं, जिससे छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है. छात्रों ने मांग की कि विश्वविद्यालय जल्द से जल्द एक स्पष्ट और स्थायी एकेडमिक कैलेंडर जारी करे, ताकि परीक्षाएं समय पर हो सकें. छात्रों ने कहा छात्र अब संभावित (टेंटेटिव) तारीखों से संतुष्ट नहीं होंगे, उन्हें परीक्षा की निश्चित तिथियां चाहिए.

 

छात्रों ने कॉलेजों में मूलभूत सुविधाओं की कमी को भी प्रमुखता से उठाया. उनका कहना है कि कई कॉलेजों में गर्ल्स कॉमन रूम की व्यवस्था नहीं है, लाइब्रेरी में नई किताबों का अभाव है और परिसरों में सफाई व्यवस्था भी ठीक नहीं है.


इसके साथ ही डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर की कमी पर भी सवाल उठाए गए. छात्रों ने बताया कि दूरदराज के जिलों जैसे सिमडेगा, गुमला और खूंटी से आने वाले विद्यार्थियों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए रांची आना पड़ता है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है. उन्होंने ऑनलाइन चालान, ई-लाइब्रेरी, बेहतर रिसर्च सुविधाएं और डिजिटल मार्कशीट की व्यवस्था लागू करने की मांग की.

 

रिजल्ट जारी करने की प्रक्रिया पर भी छात्रों ने गंभीर आरोप लगाए. छात्र नेताओं का कहना है कि प्रशासन अपनी नाकामी छुपाने के लिए जल्दबाजी में रिजल्ट जारी कर रहा है, जिससे परिणामों में गड़बड़ी सामने आ रही है. उन्होंने बीएससी कंप्यूटर एप्लीकेशन (सेशन 2023-26) के सेमेस्टर-2 के परिणामों का उदाहरण देते हुए कहा कि बड़ी संख्या में छात्र फेल घोषित किए गए हैं. छात्रों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा.

 

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही