Search

 
 
 

JPSC-JSSC पेपर लीक के विरोध में छात्रों का हंगामा, CM आवास घेराव के दौरान पुलिस से झड़प

झारखंड में JPSC और JSSC की परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है. शनिवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ता मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास का घेराव करने के लिए मार्च कर रहे थे.
 

Ranchi: झारखंड में JPSC और JSSC की परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है. शनिवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ता मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास का घेराव करने के लिए मार्च कर रहे थे. इस दौरान पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया, जिसके बाद छात्रों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई.

 

इसे भी पढ़ेंः 14वीं JPSC को लेकर JCM के साथ बैठक में क्या हुई बात? परीक्षा रद्द करने व CBI जांच तक उठे मुद्दे

 


मुख्य मार्ग पर पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश करने लगे. पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया. इसके बाद बड़ी संख्या में छात्र सड़क पर ही बैठ गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे. प्रदर्शन के कारण मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति भी उत्पन्न हो गई.

 

Uploaded Image

सीएम आवास घेराव के दौरान पुलिस और छात्रों में धक्का-मुक्की 

 

प्रदर्शन में कई छात्रों के हाथों में धरती आबा बिरसा मुंडा की तस्वीरें और पोस्टर दिखाई दिए. छात्रों ने शिक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं को लेकर सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की.

 

प्रदर्शन में शामिल छात्रों ने दावा किया कि पुलिस ने करीब 8 से 10 प्रदर्शनकारी छात्रों को हिरासत में लिया है. हालांकि  हिरासत में लिए गए छात्रों की आधिकारिक संख्या और पुलिस की ओर से इस संबंध में तत्काल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है.

 

आंदोलनकारी छात्रों का कहना है कि JPSC और JSSC की परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अन्य अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच जरूरी है. छात्रों ने राज्य सरकार के अधीन CID से चल रही जांच पर सवाल उठाते हुए मामले की जांच CBI से कराने की मांग की है.

 

छात्रों का आरोप है कि बार-बार विवादों में रहने वाली या ब्लैकलिस्टेड एजेंसियों को परीक्षा कराने की जिम्मेदारी दी जा रही है. उनका कहना है कि ऐसी व्यवस्था के कारण मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है.

प्रदर्शनकारी छात्रों ने कहा कि उनके साथी पिछले कई दिनों से आंदोलन और भूख हड़ताल पर हैं, लेकिन सरकार की ओर से उनकी मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई है. छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो 11 अगस्त को विधानसभा का घेराव किया जाएगा.

 

छात्र नेताओं ने कहा कि उनका आंदोलन केवल किसी एक परीक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि वे JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही की मांग कर रहे हैं. फिलहाल मुख्यमंत्री आवास की ओर जाने वाले मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती की गई है और प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोका जा रहा है.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

 

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही