Gumla News: जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, गुमला में व्यावसायिक शिक्षा के तहत जिला स्तरीय कौशल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों से कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न व्यावसायिक ट्रेड में अपनी तकनीकी दक्षता, रचनात्मकता और कार्यकुशलता का प्रदर्शन किया.
कार्यक्रम का उद्घाटन जिला शिक्षा पदाधिकारी कविता खलखो ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि व्यावसायिक शिक्षा विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक और तकनीकी कौशल से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है. ऐसी प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और दक्षता को सामने रखने का अवसर मिलता है.
इसे भी पढ़ें:
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने अपने-अपने व्यावसायिक ट्रेड से संबंधित विभिन्न मॉडल, नवाचार और प्रायोगिक कौशल प्रस्तुत किए. उनके प्रदर्शन में तकनीकी ज्ञान के साथ रचनात्मक सोच, कार्यकुशलता और समस्या समाधान की क्षमता देखने को मिली. विद्यार्थियों ने तैयार मॉडलों के माध्यम से अपने व्यावसायिक प्रशिक्षण से हासिल ज्ञान को व्यवहारिक रूप में प्रस्तुत किया.
प्रतियोगिता में निर्धारित मानकों और प्रदर्शन के आधार पर विभिन्न ट्रेड से उत्कृष्ट प्रतिभागियों का चयन किया गया. चयनित विद्यार्थी अब आगामी राज्य स्तरीय कौशल प्रतियोगिता में गुमला जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे.
एपीओ रोज मिंज ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यालयों में संचालित व्यावसायिक शिक्षा को बढ़ावा देना, विद्यार्थियों में रोजगारपरक कौशल एवं उद्यमशीलता की भावना विकसित करना और उनकी प्रतिभा को जिला एवं राज्य स्तर पर मंच उपलब्ध कराना है.
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों को कौशल आधारित रोजगार और स्वरोजगार के लिए आवश्यक दक्षताएं विकसित करने में मदद मिलती है. कार्यक्रम में जिला शिक्षा परियोजना कार्यालय के पदाधिकारी एवं कर्मी, विभिन्न प्रखंडों के बीपीओ तथा व्यावसायिक प्रशिक्षक उपस्थित रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

