Deoghar : देवघर डीसी नमन प्रियेश लकड़ा ने बाबा बैद्यनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा व व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए शनिवार को समाहरणालय सभाकक्ष में अधिकारियों के साथ बैठक की. मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो इस पर विस्तार से चर्चा की गई. डीसी ने अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए. कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखें.
डीसी ने कहा कि मंदिर में सुगम जलार्पण व भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करना प्राथमिकता है. संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था दुरुस्त रखने व सतत निगरानी करने का निर्देश दिया. उन्होंने मंदिर परिसर में साफ-सफाई पर विशेष जोर दिया. बढ़ती गर्मी को देखते हुए परिसर में नियमित जल छिड़काव करने, पर्याप्त पेयजल व्यवस्था व स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने का निर्देश दिया. फुट ओवरब्रिज के मजबूतीकरण को लेकर अभियंताओं को दिशा-निर्देश दिए.
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पुरुष व महिलाओं के लिए अलग-अलग शौचालय, स्नानागार व जलापूर्ति की सुविधा सुनिश्चित करें. बैठक में डीडीसी पीयूष सिन्हा, एसडीओ रवि कुमार, जिला खेल पदाधिकारी संतोष कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व अभियंता मौजूद रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment