Search

 
 
 

तमिलनाडु गैस रिसाव हादसा: धनबाद के 12 प्रवासी श्रमिक सकुशल लौटे घर

तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में अमोनिया गैस रिसाव की औद्योगिक दुर्घटना से प्रभावित धनबाद जिले के सभी 12 प्रवासी श्रमिक गुरुवार को एलेप्पी एक्सप्रेस से सकुशल धनबाद रेलवे स्टेशन पहुंचे.
 
कोयले की राजधानी की खबरें

Dhanbad: तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में अमोनिया गैस रिसाव की औद्योगिक दुर्घटना से प्रभावित धनबाद जिले के सभी 12 प्रवासी श्रमिक गुरुवार को एलेप्पी एक्सप्रेस से सकुशल धनबाद रेलवे स्टेशन पहुंचे. जिला प्रशासन की ओर से सभी श्रमिकों का स्वागत किया गया तथा उन्हें सुरक्षित उनके घरों तक भेजने की व्यवस्था की गई.

Uploaded Image

उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देश पर सहायक श्रम आयुक्त प्रवीण कुमार ने रेलवे स्टेशन पर सभी श्रमिकों का फूल-माला पहनाकर स्वागत किया. इसके साथ ही उनके भोजन और पेयजल की व्यवस्था की गई. बाद में विशेष वाहनों के माध्यम से सभी श्रमिकों को उनके संबंधित प्रखंडों के लिए रवाना किया गया.

इसे भी पढ़ें: 

सहायक श्रम आयुक्त ने बताया कि लौटने वाले 12 श्रमिकों में बाघमारा प्रखंड के 6, तोपचांची के 3, धनबाद सदर के 2 तथा निरसा प्रखंड का 1 श्रमिक शामिल है. सभी को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए प्रशासन की ओर से विशेष व्यवस्था की गई.

 

गौरतलब है कि 21 जून 2026 को तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले स्थित सेंट पीटर्स एंड पॉल सीफूड्स एक्सपोर्ट्स फैसिलिटी में अमोनिया गैस रिसाव की गंभीर औद्योगिक दुर्घटना हुई थी जिसमें झारखंड के कई प्रवासी श्रमिक प्रभावित हुए थे.

 

घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री के निर्देश पर श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग तथा राज्य प्रवासी श्रमिक नियंत्रण कक्ष ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया. नियंत्रण कक्ष ने तिरुवल्लूर जिला प्रशासन, तमिलनाडु श्रम विभाग, रेलवे बोर्ड, दक्षिण रेलवे और अस्पताल प्रशासन के साथ लगातार समन्वय स्थापित कर प्रभावित श्रमिकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की.

 

श्रम विभाग के प्रयासों से अलप्पुझा-धनबाद एक्सप्रेस में झारखंड के श्रमिकों के लिए एक विशेष स्लीपर कोच की व्यवस्था कराई गई. इसके बाद मंगलवार को चेन्नई सेंट्रल रेलवे स्टेशन से धनबाद के 12 श्रमिकों सहित कुल 42 प्रवासी श्रमिक झारखंड के लिए रवाना हुए. यात्रा के दौरान सभी श्रमिकों के लिए भोजन, पेयजल और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की सुरक्षा की भी समुचित व्यवस्था की गई थी.

 


धनबाद पहुंचने के बाद सभी श्रमिकों ने सुरक्षित घर लौटने पर राहत जताई और राज्य सरकार तथा जिला प्रशासन के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया. 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही