Shambhu Kumar
Chakradharpur: सिंहभूम की सांसद जोबा माझी के प्रयास से मनोहरपुर क्षेत्र के रेल यात्रियों को बड़ी सौगात मिलने जा रही है. रेलवे बोर्ड ने टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस (18189/18190) का मनोहरपुर स्टेशन पर ठहराव को मंजूरी दे दी है. रेलवे बोर्ड की ओर से 27 अगस्त 2026 को जारी आदेश में इस ट्रेन के मनोहरपुर स्टेशन पर ठहराव को प्रायोगिक आधार पर शुरू करने की अनुमति दी गई है.
इसे भी पढ़ें:
जानकारी के मुताबिक, सांसद जोबा माझी ने 22 जनवरी 2026 को रांची में आयोजित सांसदों की मंडलीय समिति की बैठक में रेल जीएम एवं डीआरएम के समक्ष टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस का मनोहरपुर में ठहराव देने की मांग प्रमुखता से रखी थी. सांसद ने बताया कि मनोहरपुर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग रोजगार, शिक्षा, इलाज और अन्य कार्यों के लिए दक्षिण भारत सहित विभिन्न राज्यों की यात्रा करते हैं। ऐसे में इस महत्वपूर्ण ट्रेन का ठहराव यात्रियों के लिए काफी उपयोगी साबित होगा.
रेलवे बोर्ड ने जारी किया आदेश
रेलवे बोर्ड के संयुक्त निदेशक (कोचिंग) राजेश कुमार की ओर से जारी आदेश में 18189/18190 टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस को मनोहरपुर स्टेशन पर प्रायोगिक आधार पर रोकने की स्वीकृति दी गई है. आदेश में संबंधित रेलवे जोन को निर्देश दिया गया है कि सुविधाजनक तिथि से ट्रेन का ठहराव शुरू किया जाए. साथ ही टिकट बिक्री केंद्रों पर इसकी जानकारी व्यापक रूप से प्रदर्शित करने और यात्रियों को इसकी सूचना देने को कहा गया है.
दक्षिण भारत जाने वाले यात्रियों को मिलेगी राहत
टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस का मनोहरपुर में ठहराव होने से पश्चिमी सिंहभूम के मनोहरपुर, आनंदपुर, गोइलकेरा, सोनुवा सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है.खासकर दक्षिण भारत की ओर जाने वाले यात्रियों को अब ट्रेन पकड़ने के लिए दूर के स्टेशनों तक जाने की परेशानी कम होगी. इसके अलावा व्यापारियों, विद्यार्थियों, मरीजों और उनके परिजनों को भी इसका फायदा मिलने की संभावना है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

