Jamshedpur: टाटानगर रेलवे स्टेशन के रिजर्व लाउंज में शुक्रवार को स्टेशन सलाहकार समिति की महत्वपूर्ण बैठक हुई. बैठक में रेलवे प्रशासन और सलाहकार समिति के सदस्यों ने स्टेशन के समग्र विकास, यात्री सुविधाओं के विस्तार, स्वच्छता, ट्रेनों की समयपालन व्यवस्था तथा स्टेशन पर बढ़ते दबाव को कम करने के उपायों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया.
इसे भी पढ़ें:
बैठक में सलाहकार समिति की ओर से सुरेश शर्मा (एससीसीआई, जमशेदपुर), हसन मलिक (सदस्य, जेआरडी), डॉ. साहिर पल्ल तथा विद्या भारती चिन्मया विद्यालय की प्राचार्या मीना विल्खू उपस्थित रहीं.

रेलवे प्रशासन की ओर से स्टेशन निदेशक सुनील कुमार, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक (सीसीआई) राकेश के. आर. रॉय, स्टेशन प्रबंधक संतोष कुमार सिंह सहित रेलवे के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ पर्यवेक्षी एवं परिचालन अधिकारी मौजूद रहे.
बैठक में टाटानगर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास की प्रगति की समीक्षा की गई. अधिकारियों ने स्टेशन को विश्वस्तरीय सुविधाओं से युक्त आधुनिक स्टेशन के रूप में विकसित करने की प्रस्तावित योजना और मास्टर प्लान की जानकारी दी. इस दौरान परियोजना के विभिन्न चरणों एवं यात्रियों को मिलने वाली नई सुविधाओं पर भी चर्चा हुई.
यात्रियों की सुविधा को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से प्रतीक्षालय, पेयजल, स्वच्छ शौचालय, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, सूचना प्रणाली तथा अन्य यात्री सुविधाओं के विस्तार और गुणवत्ता सुधार पर भी विचार किया गया.
बैठक के दौरान सलाहकार समिति के सदस्यों ने टाटानगर स्टेशन पर स्वच्छता और साफ-सफाई की सराहना करते हुए रेलवे प्रशासन के प्रयासों की प्रशंसा की. उन्होंने स्टेशन परिसर में बेहतर स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार भी व्यक्त किया.
इसके अलावा ट्रेनों की समयपालन व्यवस्था पर भी विस्तार से चर्चा हुई. अधिकारियों ने परिचालन दक्षता बढ़ाने और ट्रेनों के समय पर संचालन को सुनिश्चित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी.
स्टेशन पर बढ़ते परिचालन दबाव और भीड़ को कम करने के लिए कुछ ट्रेनों के परिचालन को आदित्यपुर स्टेशन से संचालित किए जाने के प्रस्ताव पर भी विचार-विमर्श किया गया. इस पहल से टाटानगर स्टेशन पर भीड़ कम होने और परिचालन क्षमता में सुधार आने की संभावना व्यक्त की गई.
बैठक के अंत में यात्रियों से जुड़े विभिन्न अन्य मुद्दों, सुझावों और परिचालन संबंधी विषयों पर भी चर्चा की गई. रेलवे प्रशासन ने समिति के सदस्यों द्वारा दिए गए सुझावों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया तथा यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक रेल सेवाएं उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment