Search

झारखंड के सभी जिलों में शुरू होगा टेली ICU, घर के पास मिलेगी विशेषज्ञ इलाज की सुविधा

Ranchi: झारखंड में गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार सभी जिलों में टेली आईसीयू सेवा शुरू करने जा रही है. इस बारे में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई, जिसमें सभी सदर अस्पतालों को जोड़ा गया.

 

बैठक में निर्देश दिया गया कि राज्य के सभी सदर अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में टेली आईसीयू की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. इसके लिए आवश्यक उपकरण और मैनपावर की तत्काल उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया.

 

अपर मुख्य सचिव ने बताया कि फिलहाल गुमला, सिमडेगा, चतरा और रांची सदर सहित पांच जिले टेली आईसीयू सेवा से जुड़े हुए हैं. इन अस्पतालों का मेंटर राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान रिम्स है, जहां से सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टर टेली आईसीयू और एआई तकनीक के माध्यम से गंभीर मरीजों की निगरानी कर रहे हैं और उन्हें परामर्श दे रहे हैं.

 

उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था को जल्द ही राज्य के सभी जिलों में लागू किया जाएगा, जिससे मरीजों को इलाज के लिए बड़े शहरों में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और उन्हें अपने जिले में ही विशेषज्ञ डॉक्टरों की सलाह मिल सकेगी.

 

बैठक में संभावित चुनौतियों पर भी चर्चा की गई. विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी को दूर करने के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी किया गया है. आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त नियुक्तियां भी की जाएंगी. वहीं पैरामेडिकल स्टाफ की कमी को आउटसोर्सिंग के माध्यम से पूरा करने का निर्देश दिया गया.

 

मेडिकल उपकरणों की उपलब्धता पर भी जोर दिया गया. जिन अस्पतालों में उपकरणों की खरीद लंबित है, उनकी निगरानी करने और जरूरत पड़ने पर राज्य स्तर से उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए.

 

बैठक में एसएनए स्पर्श और मुख्यमंत्री अस्पताल रखरखाव योजना की समीक्षा भी की गई. इस दौरान एनएचएम के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने जिलों से अपडेट जानकारी ली. अधिकांश जिलों द्वारा 90 प्रतिशत से अधिक राशि खर्च किए जाने पर संतोष जताया गया और शेष राशि जल्द खर्च करने को कहा गया.

 

बैठक में झारखंड स्टेट आरोग्य सोसाइटी के कार्यकारी निदेशक छवि रंजन, विभाग के संयुक्त सचिव विद्यानंद शर्मा, पंकज, डीआईसी डॉ सिद्धार्थ सान्याल, संयुक्त सचिव ललित मोहन शुक्ला और संयुक्त निदेशक रीतु सहाय सहित कई अधिकारी मौजूद रहे.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp