Search

 
 
 

सिमडेगा में गजराज का आतंक, दहशत में रात भर जाग रहे लोग

सिमडेगा के बानो प्रखंड में पिछले कई दिनों से गजराज का आतंक छाया हुआ है.
 

Simdega: सिमडेगा के बानो प्रखंड में पिछले कई दिनों से गजराज का आतंक छाया हुआ है. हाथी भरी बरसात गांव में धमक कर लोगों को बेघर कर रहे हैं. हाथी के भय से ग्रामीण रात भर जागने को विवश हैं. बानो का यह इलाका जंगली हाथियों के आतंक से थर्राने लगा हैं.

 

हाथी यहां लगातार तबाही मचा रहे है. वन विभाग तमाशबीन बना खामोश है. ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग की ओर से कोई ठोस सहयोग नहीं मिल रहा, जिस कारण लोगों में आक्रोश भी देखने को मिल रहा है. सिमडेगा के बानो प्रखंड अंतर्गत बांकी पंचायत के पाड़ो टोंगरी टोली समेत आसपास के गांवों में दो जंगली हाथियों के लगातार भ्रमण से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है. ग्रामीण हर रात हाथियों को भगाने के लिए जागते हैं, लेकिन अब यह स्थिति उनकी दिनचर्या और सुरक्षा दोनों पर भारी पड़ रही है.

 

हाथियों के इस बढ़ते आतंक को देखते हुए तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया के निर्देश पर बानो प्रखंड झामुमो उपाध्यक्ष तनवीर हुसैन और सचिव अमित बडिंग ने बांस पहाड़ गांव पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और विधायक की फोन पर ग्रामीणों से सीधी बातचीत करवाई.

 

बांकी पंचायत के ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से जंगली हाथियों का यहां आतंक है, अब तक सैकड़ों घरों को नुकसान पहुंचा है और कई लोगों की जान भी जा चुकी है. बावजूद इसके, स्थायी समाधान अब तक नहीं निकला है. ग्रामीणों ने सरकार और वन विभाग से हाथियों को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि उनकी जान- माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही