Search

 
 
 

69वीं राष्ट्रीय स्कूली फुटबॉल प्रतियोगिता संपन्न, झारखंड की बेटियों का शानदार प्रदर्शन

स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची की मेजबानी में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूली फुटबॉल प्रतियोगिता (एसजीएफआई) का समापन आज बीआईटी मेसरा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स फुटबॉल मैदान में भव्य रूप से संपन्न हुआ.
 

Ranchi : स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची की मेजबानी में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूली फुटबॉल प्रतियोगिता (एसजीएफआई) का समापन आज बीआईटी मेसरा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स फुटबॉल मैदान में भव्य रूप से संपन्न हुआ. यह प्रतियोगिता 18 से 22 दिसंबर 2025 तक अंडर-14 एवं अंडर-17 बालिका वर्ग में आयोजित की गई.

 

समापन समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. मधुकांत पाठक, महासचिव, झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन तथा विशिष्ट अतिथि महेंद्र कुमार, इंचार्ज स्पोर्ट्स, बीआईटी मेसरा उपस्थित रहे.

 

प्रतियोगिता को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले मैच कमिश्नर उदय मिश्रा, फरीद खान, नरेश मिस्त्री, रमेश महतो एवं सामाउद्दीन अंसारी की भी गरिमामयी उपस्थिति रही. सभी अतिथियों का स्वागत राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी सह आयोजन सचिव धीरसेन ए. सोरेंग द्वारा पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर किया गया.

 

मुख्य अतिथि डॉ. मधुकांत पाठक ने अपने संबोधन में कहा कि झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा आयोजित यह राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता अत्यंत अनुकरणीय एवं उत्कृष्ट रही.

 

उन्होंने कहा कि जिस सुव्यवस्था और उच्च स्तर के साथ यह आयोजन किया गया, वैसा आयोजन देश में विरले ही देखने को मिलता है. खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि हार से सीखना ही एक खिलाड़ी की सबसे बड़ी ताकत होती है.

 

समापन भाषण में धीरसेन ए. सोरेंग ने कहा कि इस प्रतियोगिता में 100 प्रतिशत राज्यों एवं इकाइयों की सहभागिता अपने आप में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है. सभी टीमों ने अनुशासन, धैर्य और खेल भावना का बेहतरीन प्रदर्शन किया. उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी अधिकारियों, समितियों, प्रशिक्षकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया. मंच संचालन चंद्रदेव सिंह द्वारा किया गया.

 

प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार रहे

अंडर-14 बालिका वर्ग:

फाइनल मुकाबले में हरियाणा ने झारखंड को ट्राई ब्रेकर पेनल्टी शूटआउट में 5-3 से पराजित कर चैंपियन का खिताब जीता. झारखंड उपविजेता रहा, जबकि केरल ने बिहार को 3-2 से हराकर सेकंड रनर-अप का स्थान प्राप्त किया.

व्यक्तिगत पुरस्कारों में

* मैच ऑफ द टूर्नामेंट: स्वर्णी कुमारी (झारखंड)

* वूमेन ऑफ द मैच: निधि (हरियाणा)

* बेस्ट गोलकीपर: सोनी कुमारी (झारखंड)

 

अंडर-17 बालिका वर्ग

फाइनल में झारखंड की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए केरल को 4-0 से पराजित कर चैंपियन का खिताब अपने नाम किया. केरल उपविजेता रहा, जबकि गुजरात ने मेघालय को 2-0 से हराकर सेकंड रनर-अप का स्थान हासिल किया.

व्यक्तिगत पुरस्कारों में

* मैच ऑफ द टूर्नामेंट: आयशा मिरहाना (केरल)

* विमेन ऑफ द मैच: दीपिका कुमारी (झारखंड)

* बेस्ट गोलकीपर: प्रीति तिग्गा (झारखंड)

पूरे आयोजन को सफल बनाने में झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के खेल कोषांग के सभी सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा. सभी चैंपियन टीमों को राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, परियोजना निदेशक शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी सच्चिदानंद द्विवेदी तिग्गा, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग एवं राज्य खेल कोषांग के सदस्यों ने बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें. 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही