Ranchi: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के आरोपों पर पलटवार किया है. उन्होंने भाजपा पर छात्रों के आंदोलन को राजनीतिक हथियार बनाने का आरोप लगाया.
इसे भी पढ़ें:
कमलेश ने कहा कि भाजपा को छात्रों की इतनी ही चिंता है, तो पहले केंद्र और भाजपा शासित राज्यों में युवाओं से जुड़े सवालों का जवाब दे. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी छात्रों के साथ खड़े हैं. वह संसद से सड़क तक उनकी आवाज उठा रहे हैं. छात्रों से सीधे संवाद भी कर रहे हैं.
उन्होंने भाजपा से सवाल किया कि देश में पेपर लीक, बेरोजगारी और भर्ती परीक्षाओं की अव्यवस्था पर उसने प्रधानमंत्री और केंद्रीय शिक्षा मंत्री से कितनी बार जवाब मांगा.
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी के इशारे पर झारखंड में पुलिस कार्रवाई का आरोप पूरी तरह बेबुनियाद है. उन्होंने इसे राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित बताया.उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लोकतांत्रिक आंदोलनों में हिंसा या दमन के समर्थक नहीं रहे हैं. भाजपा नेताओं को अपने आरोपों का आधार बताना चाहिए.
कमलेश ने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में जब छात्र और युवा आंदोलन करते हैं, तब इसे कानून-व्यवस्था का मामला बताया जाता है. वहीं झारखंड में प्रशासनिक कार्रवाई होने पर लोकतंत्र की हत्या बताई जाती है. उन्होंने कहा कि यह भाजपा का दोहरा मापदंड है.
केशव महतो कमलेश ने कहा कि छात्रों को न्याय और निष्पक्ष जांच चाहिए. उनकी समस्याओं का समाधान राजनीतिक नारेबाजी से नहीं होगा. इसके लिए गंभीर बातचीत और संवेदनशील निर्णय जरूरी है.
उन्होंने भाजपा से देशभर में भर्ती परीक्षाओं की व्यवस्था पर श्वेतपत्र जारी कराने की मांग की. साथ ही पेपर लीक और परीक्षा में अनियमितताओं पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित कराने को कहा.
कमलेश ने कहा कि कांग्रेस छात्रों की जायज मांगों के साथ खड़ी है. कांग्रेस छात्रों के अधिकारों की आवाज लोकतांत्रिक तरीके से लगातार उठाती रहेगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

